उदयपुर में शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा की चौथी पुण्यतिथि पर तिरंगा लेकर दौड़े स्कूली बच्चे और शहरवासी : माता-पिता ने दिखाई हरी झंडी
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले मेवाड़ के वीर सपूत शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा की स्मृति में बुधवार, 21 अक्टूबर को उदयपुर में ‘रन फॉर मेजर मुस्तफा’ का आयोजन किया गया।
फतहसागर झील के किनारे आयोजित इस दौड़ में स्कूली बच्चों और शहरवासियों ने राष्ट्रभक्ति के उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा, बैंड की मधुर धुन और देशभक्ति के नारों के बीच पूरा माहौल शहीद मेजर मुस्तफा की यादों और उनके सम्मान के नाम रहा। | Run for Major Mustafa Udaipur | Run for Major Mustafa Udaipur 2026
माता-पिता ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को किया रवाना
शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा की चौथी पुण्यतिथि पर उनके माता-पिता जकीउद्दीन बोहरा और फातिमा बोहरा ने फतहसागर-स्वरूपसागर लिंक नहर के पास दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में शामिल स्कूली बच्चों और शहरवासियों ने ‘मेजर मुस्तफा अमर रहें’ के जयघोष के साथ वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। | Run for Major Mustafa Udaipur | Udaipur Run For Major Mustafa bohara

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना। तिरंगा लेकर आगे बढ़ते प्रतिभागियों ने शहीद के बलिदान को याद किया और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
फतहसागर की पाल पर शहीद को श्रद्धांजलि
दौड़ के समापन पर फतहसागर की पाल पर मेजर मुस्तफा ट्रस्ट की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उदयपुर के डिप्टी मेयर दिनेश भट्ट, कार्यक्रम समन्वयक एवं पार्षद हिदायत तुल्ला, उदयपुर के पूर्व जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने शहीद मेजर मुस्तफा के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कौन थे शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा?
उदयपुर जिले के खेरोदा निवासी मेजर मुस्तफा बोहरा 21 अक्टूबर 2022 को अरुणाचल प्रदेश में सैन्य हवाई मिशन के दौरान हेलीकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हो गए थे। उनकी वीरता और देश के प्रति सर्वोच्च समर्पण के सम्मान में उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।
नई पीढ़ी को देशभक्ति का संदेश
‘रन फॉर मेजर मुस्तफा’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि शहीद के साहस, समर्पण और बलिदान को याद करने का प्रतीक है। फतहसागर की पाल पर उमड़ा देशभक्ति का उत्साह यह संदेश देता है कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों का सम्मान हमेशा जीवित रहेगा। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह भी पढ़े: हमेशा दिलों में रहेंगे मेजर मुस्तफा
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

