संपत्ति हड़पने और कर्ज चुकाने के लिए की थी हत्या
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र के मुंडोल गांव में हुए सनसनीखेज मां-बेटी हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 37 वर्षीय जयमीन दवे उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वृद्ध महिला का विश्वास जीतकर खुद को उनका धर्म पुत्र बनाया था और संपत्ति पर कब्जा करने की योजना बना रहा था। योजना विफल होने पर उसने वृद्धा और उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी की हत्या कर जेवर लूट लिए। | Udaipur Vallabhnagar Double Murder Case | Udaipur Latest news | udaipur live news
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। वल्लभनगर पुलिस ने आरोपी जयमीन उर्फ बंटी पुत्र भवानी शंकर दवे (37 वर्ष) निवासी वल्लभनगर, हाल निवासी आर्ची गेलेक्सी अपार्टमेन्ट, सी ब्लॉक, फ्लेट न. 207 पृथ्वी सिंह जी का खेड़ा, प्रतापनगर, उदयपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उससे वारदात में प्रयुक्त हथियार, लूटे गए जेवर और अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। | udaipur police news |
पुलिस को गुमराह करने ग्रामीणों के बीच न्याय की मांग करता दिखा आरोपी
आईजी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव एवं एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रजत विश्नोई, वृताधिकारी श्रवणदास संत तथा थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मनोवैज्ञानिक जांच, मुखबिर तंत्र और घटनास्थल से मिले खून के निशानों सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जयमीन दवे उर्फ बंटी तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी स्वयं लोगों के बीच रहकर हत्या की जानकारी लेता रहा और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग करता दिखाई देता था, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो।
संपत्ति हड़पने के लिए बनाया था ‘धर्म मां’ का रिश्ता
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पिछले करीब एक वर्ष से लूंगा बाई का विश्वास जीतकर उन्हें अपनी धर्म मां बना लिया था। आरोपी को पता था कि लूंगा बाई के पति और बेटे की मौत हो चुकी है, ऐसे में परिवार में पुरुष वारिस नहीं है तथा बेटी अमरी बाई मानसिक रूप से अस्वस्थ है। वह भविष्य में संपत्ति का कानूनी वारिस बनने की कोशिश कर रहा था।
जब लूंगा बाई ने उसकी मंशा को स्वीकार नहीं किया तो आरोपी ने सुनियोजित तरीके से रात के समय घर में घुसकर मां-बेटी की हत्या कर दी और वृद्धा के पहने हुए जेवर लूटकर फरार हो गया।
कर्ज में डूबा था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी पर लोगों से लिए उधार और बैंकों के लोन का भारी कर्ज था। वह समय पर ऋण नहीं चुका पा रहा था और आर्थिक संकट से गुजर रहा था। इसी वित्तीय दबाव के चलते उसने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।
वारदात के खुलासे में वल्लभनगर थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर, राजसमंद के सब इंस्पेक्टर फैलीराम मीणा और वल्लभनगर थाने के कांस्टेबल राजेन्द्र की अहम भूमिका रही है।
क्लिक कर पढ़ें: घर में सो रही मां-बेटी की गला रेत की गयी थी हत्या
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


