पुलिस ने गठित की विशेष जांच टीमें : घर में अकेली रहती थीं मां-बेटी
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र के गोटीपा ग्राम पंचायत के मुंडोल गांव में शुक्रवार रात हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में सो रही मां और बेटी की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह घटना का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बचने के लिए दरवाजे तक भागी, लेकिन हत्यारे से बच नहीं पायी
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 75 वर्षीय लूंगा बाई और उनकी बेटी अमरीबाई के रूप में हुई है। दोनों घर में अकेली रहती थीं। लूंगा बाई बुजुर्ग तो बेटी अमरी बाई मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे तक घर से कोई बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। अंदर जाकर देखने पर दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही वल्लभनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे गांव में सनसनी फैलने के साथ ही अकेली रह रही मां-बेटी की हत्या के कारणों को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत विश्नोई ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हत्या के कारणों के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जांच की गई। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों में दहशत, हत्या की वजह बनी पहेली
ग्रामीणों के अनुसार लूंगा बाई के बेटे की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अलग रहते हैं। उनकी बेटी मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं थी। गांव में चर्चा है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही कि किसी ने इतनी निर्ममता से मां-बेटी की हत्या कर दी।
विधायक ने निष्पक्ष जांच की मांग की
वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी ने दोहरे हत्याकांड पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


