मावली के मेन सदर बाजार की घटना
उदयपुर/मावली, एआर लाइव न्यूज | उदयपुर जिले के मावली कस्बे में गुरुवार देर रात चोरों ने मेन सदर बाजार स्थित दो ज्वैलरी दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर धरना शुरू कर दिया और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की। | udaipur crime news | udaipur theft news | udaipur Jewellery Shop Theft Mavli
यह घटना ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले ही उदयपुर शहर के पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स शोरूम में करीब 1 करोड़ रुपये की चोरी की वारदात हुई है। लगातार हो रही चोरियों ने जिले के व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।वीडियो में देखें वारदात से संबंधित जानकारी और व्यापारियों का धरना प्रदर्शन
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर मावली डीएसपी चांदमल सिंगारिया, थानाधिकारी अशोक विश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री) टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
डीएसपी चांदमल सिंगारिया ने व्यापारियों से बातचीत कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जांच तेज कर दी गई है।
राज ज्वैलर्स और शिवम ज्वैलर्स को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने स्टेशन रोड स्थित मेन सदर बाजार में राज ज्वैलर्स और शिवम ज्वैलर्स में सेंधमारी की। चोर दुकानों के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और तिजोरियों व अलमारियों के ताले तोड़ दिए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश दोनों दुकानों से करीब 2 से 3 तोला सोना, 1 से 2 किलो चांदी के आभूषण तथा लगभग 8 से 10 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए माल का वास्तविक मूल्य पुलिस जांच और व्यापारियों के हिसाब-किताब के बाद स्पष्ट होगा।

सुबह दुकान खोली तो चोरी का पता चला
शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे जब व्यापारी दुकानें खोलने पहुंचे तो दुकानों के अंदर का सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए और बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
लगातार दूसरी बड़ी वारदात से बढ़ी चिंता
मावली की यह घटना उदयपुर जिले में लगातार दूसरे दिन ज्वैलरी कारोबारियों को निशाना बनाए जाने का मामला है। एक दिन पहले शहर के पंचवटी क्षेत्र में भी एक बड़े ज्वैलरी शोरूम में चोरी हुई थी। लगातार हो रही वारदातों के बाद व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
क्लिक कर यह भी पढ़ें: एक दिन पहले ही शहर में ज्वैलरी शोरूम से एक करोड़ रूपए के जेवर हुए थे चोरी
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

