एआर लाइव न्यूज। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लाहौल स्पीति के कडू नाला के पास सड़क मार्ग पर उस समय हुआ, जब चलती टाटा सूमो टैक्सी पर पहाड़ी से भारी चट्टानें और मलबा आ गिरा। | Himachal Rockfall Tata Sumo Accident near Kadu Nala 13 people died
पुलिस के अनुसार, वाहन में सवार अधिकांश लोग चंबा जिले के निवासी थे, जो घूमने गए थे और वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए।
सड़क खुलते ही रवाना हुए थे यात्री
जानकारी के मुताबिक, किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इस वजह से टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी क्षेत्र में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टाटा सूमो उसकी चपेट में आ गई।
13 लोगों की मौत, दो घायल
हादसे में टाटा सूमो पूरी तरह मलबे में दब गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। बचाव दल ने मलबे से घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा है। राहत अभियान लगातार जारी है।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
लाहौल-स्पीति पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस, प्रशासन और बचाव दल संयुक्त रूप से मलबा हटाने का कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र में लगातार भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अभियान सावधानीपूर्वक चलाया जा रहा है।
मानसून में बढ़ा भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने तथा संवेदनशील मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।


