उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। अंतरराष्ट्रीय मस्तिष्क दिवस पर आज 22 जुलाई को गीतांजलि यूनिवर्सिटी द्वारा अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यार्थियों, चिकित्सकों और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज को “अंगदान – महादान, एक दान अनेक जीवन” का संदेश दिया। | Geetanjali University Organ Donation Rally Udaipur
रैली के दौरान विद्यार्थियों, चिकित्सकों ने आमजन से मृत्यु के बाद अंगदान का संकल्प लेने की अपील की और बताया कि एक व्यक्ति का अंगदान कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन दे सकता है। छात्रों ने जागरूकता संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को अंगदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा इस मानवीय पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. जीतेंद्र हिरानी (डीएमएस, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल), डॉ. करुणा शर्मा (नोडल अधिकारी, ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन) तथा राजेश मेहता (ऑर्गन ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर, जीएमसीएच) सहित चिकित्सक, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने कहा कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर कई गंभीर मरीजों को जीवनदान दिया जा सकता है। ऐसे जनजागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और अंगदान को जनआंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


