उदयसागर से पानी की कम निकासी को लेकर एआर लाइव न्यूज ने विभाग को चेताया था : एक एक फीट से बढ़ाकर अब 5-5 फीट गेट खोले
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भारी बारिश के अलर्ट के बावजूद उदयपुर में झीलों से पर्याप्त मात्रा में पानी की निकासी करने की अनदेखी कर रहा जलसंसाधन विभाग हरकत में आ गया है। विभाग ने उदयसागर के दोनों गेट एक-एक फीट से बढ़ाकर पांच पांच फीट खोलकर पानी की निकासी बढ़ा दी है।(udaisagar udaipur water discharge)
एआर लाइव न्यूज ने कल मंगलवार को सवाल खड़ा किया था कि मौसम विभाग के संभाग में भारी बारिश के अलर्ट के बावजूद जलसंसाधन विभाग झीलों से पर्याप्त मात्रा में पानी निकासी करने की बजाय निकासी को कम करने में लगा हुआ है। विभागीय अधिकारियों की यह रणनीति कहीं उदयपुर के लिए भारी नहीं पड़ जाए। सवाल उठने पर विभागीय अधिकारी हरकत में आए और उदयसागर के दोनों गेट एक एक फीट खुले थे, उनको अब पांच पांच फीट खोल दिया है। उदयसागर के दोनों गेट सोमवार को छह छह फीट खुले थे, उनको मंगलवार को सिर्फ एक एक फीट कर दिया था। इसी को लेकर एआर लाइव न्यूज ने सवाल उठाया था।
गेट कम मत करना : संभावित खतरा अभी भी टला नहीं है
उदयसागर के दोनों गेट पांच-पांच फीट खोलने से अब झील से 1596 क्यूसेक पानी की निकासी होने लगी है। हालांकि अभी भी उदयसागर का जलस्तर 24 फीट के मुकाबले करीब 23 फीट पर है। इसको देखते हुए अभी भी संभावित खतरा टला नहीं है। अब भी यदि मौसम विभाग के अलर्ट अनुसार कैचमेंट में भारी बारिश हो जाती है और सीसारमा नदी, मोरवानिया नदी और आयड़ नदी में बहाव तेज होता है तो उदयसागर के बैक वाटर से लोगों की मुश्किल बढ़ सकती है। (udai sagar udaipur water discharge)
यह भी पढ़े : एआर लाइव न्यूज ने चेताया था कि जलसंसाधन विभाग कहीं उदयपुर को आफत में न डाल दे

फतहसागर का गेज भी कम हुआ
फतहसागर का जलस्तर 13 फीट पूर्ण भराव स्तर से ऊपर (सवा 13 फीट से ऊपर) बना हुआ था, लेकिन आज फतहसागर का जलस्तर कम होकर 13 फीट पर आ गया है। इससे झील मध्य स्थित नेहरू गार्डन में पानी घुसने की संभावना फिलहाल कम हुई है। उदयपुर विकास प्राधिकरण ने हाल ही में लाखों रूपए खर्च कर नेहरू गार्डन में विकास कार्य करवाए है। उसके बाद पहली बार फतहसागर लबालब हुआ है।
कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज कोटा, भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश तथा जयपुर, अजमेर, उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 3-4 दिन मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। भरतपुर, जयपुर कोटा व अजमेर संभाग में कहीं-कहीं भारी, अतिभारी बारिश का दौर 12 और 13 सितंबर को भी जारी रहने की संभावना है। राज्य में 14-15 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा कुछ भागों में हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बीती रात कई जगह हुई तेज बारिश
पिछले 24 घंटों में जयपुर, अलवर, धौलपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, भीलवाड़ा तथा चुरू जिले में कहीं कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई है। बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में सर्वाधिक 114 मिलीमीटर बारिश हुई। उदयपुर जिले में बड़गांव 46, सेई डेम 56, वल्लभनगर 45, कुराबड़ 45,गोगुंदा 40, झाड़ोल 30 और उदयपुर शहर में 26, सलूंबर के सेमारी में 76, डाया 50, बांसवाड़ा के सज्जनढ़ में 60, राजसमंद के नाथद्वारा में 54, चिकलवास 63, डूंगरपुर के गणेशपुर में 84 और शाहपुरा के बनेड़ा में 90 मिलीमीटर बारिश हुई।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


