- धार्मिक यात्रा के लिए बुक किया गया था प्राइवेट पार्टी कोच, 63 यात्री थे मौजूद
- अवैध तरीके से साथ लेकर गए थे गैस-सिलेंडर स्टोव, चाय बनाते समय हुआ हादसा
मदुरै,(एआर लाइव न्यूज)। तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन के पास शनिवार तड़के एक ट्रेन के डिब्बे में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हादसा ट्रेन के अंदर किसी यात्री द्वारा अवैध तरीके से लाए गए गैस-सिलेंडर-स्टोव में हुए ब्लास्ट से हुआ।
ट्रेन के अंदर कुछ यात्रियों ने चाय बनाने के लिए उस एलपीजी गैस-सिलेंडर-स्टोव का इस्तेमाल किया, इसी दौरान सिलेंडर फटने से आग लग गयी। जिस कोच में हादसा हुआ, वह प्राइवेट पार्टी कोच था, जिसे उत्तरप्रदेश के लखनऊ से 63 यत्रियों के दल ने रामेश्वरम धार्मिक यात्रा के लिए बुक किया था।
हादसे की सूचना पर दमकलकर्मियों सहित रेलवे और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि हादसे में मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतकों में 3 महिलाएं और 6 पुरूष शामिल हैं। ज्यादातर की उम्र 50 वर्ष से अधिक है। तमिलनाडु के वाणिज्यिक कर मंत्री पी मूर्ति ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को शीघ्र-अति-शीघ्र राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
यात्रियों ने कोच पर अंदर से ताला लगा रखा था, इसलिए कोई हादसे के तुरंत बाद बाहर नहीं निकल पाया
मदुरै जिला कलेक्टर एमएस संगीता ने बताया कि सभी मृतक यात्री उत्तर प्रदेश के थे और एक धार्मिक यात्रा पर आ रहे थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि सात यात्री घायल हैं। कोच में 63 यात्री थे और यह पार्टी कोच था। आज तड़के यात्रियों ने चाय बनाने के लिए गैस-सिलेंडर-स्टोव का इस्तेमाल किया था। जिससे हादसा हुआ।
ट्रेन जब जंक्शन पर रूकी थी, तो यात्रियों को लगा कि ट्रेन किसी अज्ञात क्षेत्र में रूकी है, ऐसे में यात्रियों ने खुद की सुरक्षा के लिए कोच को अंदर से ताला लगाकर बंद कर लिया था। इसी दौरान जब सिलेंडर ब्लास्ट हुआ तो बाकी यात्री ताला लगा होने के कारण कोच से बाहर नहीं निकल पाए। अफरा-तफरी के माहौल में किसी को नहीं पता था कि चाबी किसके पास थी। बाद में कुछ यात्रियों ने हिम्मत दिखाकर दरवाजे को तोड़ दिया और कोच से कूद कर जान बचाई।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


