एआर लाइव न्यूज। अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला के पास गुरूवार को भारतीय सेना का हेलिकॉप्टर चीता क्रैश हो गया (army helicopter cheetah crashed)। हेलिकॉप्टर अपनी रूटीन ऑपरेशन सॉर्टी के तहत उड़ान पर था। सुबह करीब सवा नौ बजे हेलीकॉप्टर का एटीसी से संपर्क टूट गया। दुर्घटना के समय हेलिकॉप्टर में दो पायलट सवार थे, जिनकी तलाश की जा रही है। सेना से प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर बोमडिला के पश्चिम मंडला के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। पायलटों की तलाश शुरू कर दी गई है।
चीता को बदलने की जरूरत
इससे पहले अरूणाचल प्रदेश में सेना का चीता हेलिकॉप्टर अक्टूबर 2022 में हादसे का शिकार हो चुका है। तब हेलिकॉप्टर अरूणाचलप्रदेश के तवांग क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें दो पायलट शहीद हुए थे। चीता हेलिकॉप्टर भारतीय सेना के बेड़े में 60 साल से हैं। चीता हेलिकॉप्टर पहले भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिसे लेकर सवाल उठते रहे हैं। पिछली सरकारों ने इन हेलिकॉप्टर्स को बदलने की जरूरत जताई थी। वर्तमान में भारतीय सेना के बेड़े में करीब 200 चीता और चेतक हेलिकॉप्टर्स हैं। 2007 में यूपीए सरकार के दौरान रक्षा मंत्री रहे एके एंटनी ने कहा था कि ये पुरानी मशीनें अब सेना की जरूरतों को पूरा नहीं करती हैं, इन्हें बदल देना चाहिए।
गौरतलब है कि चीता सिंगल इंजन वाला हेलिकॉप्टर है, जो एक बार में 5 लोगों को लेकर उड़ान भर सकता है। वजन में हल्के होने के कारण ये दुर्गम क्षेत्रों में भी आसानी से उड़ान भर सकते हैं। देश की सुरक्षा में और युद्ध के दौरान इन हेलिकॉप्टर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।



