चाइनीज मांझे (chinese manjha) के 127 बंडल बरामद
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर पुलिस की जिला स्पेशल टीम ने मंगलवार को मल्लातलाई में दबिश देकर दुकान में बड़ी मात्रा में चाइनीज मांझा (chinese manjha) बरामद किया है। पुलिस ने चाइनीज मांझा जब्त कर दुकान संचालक को भी गिरफ्तार किया है।
मांझा से पक्षियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए राज्य सरकार ने भी पूरे प्रदेश में सुबह 2 घंटे और शाम को 2 घंटे पतंग नहीं उड़ाने के निर्देश जारी किए हैं। राज्य सरकार के गृह विभाग ने जारी की गयी एडवायजरी में हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला भी दिया है। ऐसे में पतंग प्रेमी सुबह 6 से 8 बजे तक और शाम 5 से 7 बजे तक पतंग नहीं उड़ा सकेंगे।

चाइनीज मांझे के 127 बंडल बरामद
जानकारी के अनुसार पुलिस ने उदयपुर में मल्लातलाई स्थित दुकान पर दबिश देकर चाइनीज मांझे के 127 बंडल बरामद किए हैं और दुकान संचालक मल्लातलाई निवासी मोहम्मद अशफाक पुत्र मोहम्मद हुसैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब दबिश दी आरोपी चाइनीज मांझा बेच रहा था।
यह भी पढ़ें : जानलेवा पतंग का मांझा
गौरतलब है कि राजस्थान हाई कोर्ट ने सुबह 6 से 8 बजे तक और शाम 5 से 7 बजे तक पतंगबाजी पर रोक लगाने का आदेश दिया था। साथ ही प्लास्टिक व चाइनीज मांझा की बिक्री व उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए। राज्य सरकार ने हाई कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए एडवाइजरी जारी की है। जानकारी के अनुसार प्रतिबंधित समय में अगर कोई पतंग उड़ाता पाया गया तो उसे गिरफ्तार किया जा सकता है।


