नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति समिति के फैसलों की सोमवार को घोषणा कर दी। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने बताया कि रेपो रेट में 0.35 फीसदी की बढ़ोतरी की जा रही है, इसके बाद रेपो रेट बढ़कर 6.25 फीसदी हो गयी है।
गवर्नर शक्तिकांत दास ने बताया कि मौद्रिक नीति समिति के 6 सदस्यों में से 5 ने रेपो रेट को बढ़ाने के पक्ष में फैसला लिया। इसके बाद आरबीआई ने रेपो रेट में 0.35 फीसदी की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि आरबीआई ने लगातार पांचवीं बार ब्याज दरों में इजाफा कर दिया है।
आरबीआई लगातार पांचवी बार बढ़ाई रेपो रेट

रिजर्व बैंक अपनी पिछली मौद्रिक नीति समिति की बैठक में कुल मिलाकर 1.85 फीसदी का इजाफा रेपो रेट में कर चुका है, बता दें मई में 40 बेसिस पॉइंट और जून, अगस्त और सितंबर में 50-50 बेसिस पॉइंट का इजाफा किया गया था।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि देश में ही नहीं दुनिया के कई देशों में महंगाई दर बढ़ती देखी गई है। देश में सप्लाई चेन की स्थिति को ग्लोबल जियो पॉलिटिकल परिस्थितियों के कारण चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। बैंक क्रेडिट ग्रोथ इस समय दहाई अंकों से ऊपर आ रही है, जबकि महंगाई दर ऊपरी स्तरों पर बनी हुई है।


