उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजसमंद जिले के देवगढ़ में पेट्रोल हमले से लगी आग में झुलसे 75 साल के पुजारी नवरतन प्रजापत की आज शनिवार को उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं पुजारी की पत्नी जमना देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। 20 नवंबर को 10-12 बदमाशों ने पुजारी दंपति पर हमला किया था और पेट्रोल छिड़क कर आग लगाकर जिंदा जलाने की कोशिश की थी, इसमें पुजारी दंपत्ति 80 फीसदी से ज्यादा झुलस गए थे।
मामले ने जब तूल पकड़ा तो आईजी प्रफुल्ल कुमार ने देवगढ़ थानाधिकारी और कामली घाट चौकी प्रभारी एसआई को निलंबित कर जांच टीम गठित की। इसके बाद पुलिस आरोपी नरेन्द्र सिंह, भंवर सिंह उर्फ दिनेश, सरपंच पति हरदेव भाट, जीतू उर्फ जितेंद्र सिंह सहित 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, इसके अलावा हमला करने वाले बदमाशों की भी तलाश कर रही है।

मंदिर से पुजारी परिवार को बेदखल करना चाहते थे आरोपी
पुजारी के बेटे ने मामले को लेकर आरोप लगाया है कि मंदिर की जमीन पर स्थानीय जनप्रतिनिधि व अन्य आरोपी दुकान बनाना चाहते हैं, इसी कारण वे लोग हमारे परिवार को मंदिर से बेदखल करना चाहते हैं। पुलिस ने मामले की जांच की और गंभीर झुलसे पुजारी नवरतन प्रजापत के बयान लिए। नवरतन ने बयानों में बताया था कि वे मंदिर के पुजारी हैं और पिछली दो पीढ़ियों से उनका परिवार ही मंदिर में पुजारी और सेवाकार्य करता आया है। यह हमला मंदिर की वजह से हुआ है और हमला गांव के नरेन्द्र सिंह ने करवाया है।
पुलिस ने पुजारी के बेटे की रिपोर्ट और पुजारी के बयानों के आधार पर नरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने हमला करना कबूल किया, इसके बाद पुलिस ने अपराध में शामिल अन्य आरोपियों, सरपंच के पति हरदेव भाट सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था।




