उदयपुर में भर्ती परीक्षा में ब्लू-टूथ से नकल करता अभ्यर्थी पकड़ा
राजसमंद/उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रदेश में वनरक्षक सीधी भर्ती परीक्षा चल रही है, इसी के साथ नकल गिरोह भी सक्रिय है। 12 नवंबर की दूसरी पारी में हुई वन रक्षक सीधी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गयी है। इस संबंध में आज रविवार को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने आदेश जारी किए हैं।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा द्वारा जारी आदेश के तहत बोर्ड को राजसमंद एसपी और एसओजी से यह सूचना प्राप्त हुई है कि शनिवार की दूसरी पारी में 2.30 बजे से 4.30 बजे तक हुई वन रक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया था। पेपर शुरू होने से पूर्व ही इस प्रश्न पत्र के उत्तर कुछ लोगों को उनके मोबाइल पर भेज दिए गए थे। ऐसे में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने शनिवार को दूसरी पारी में हुई परीक्षा को रद्द कर दिया है। अभ्यर्थियों की शीघ्र ही दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
विद्युत निगम कर्मचारी सहित 9 लोग हिरासत में
राजसमंद पुलिस के अनुसार पेपर लीक मामले में पुलिस दरीबा एवीवीएनएल में तैनात तकनीकी सहायक दीपक कुमार शर्मा पुत्र नंदलाल शर्मा को गिरफ्तार कर कुल 9 लोगों को हिरासत में लिया है। गिरोह से जुड़े सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ ही मामले की जांच चल रही है।9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उदयपुर में ब्लू-टूथ से नकल करते पकड़ा गया अभ्यर्थी
उदयपुर में रविवार को हुई वनरक्षक भर्ती परीक्षा फतहपुरा स्थित स्कूल (परीक्षा केन्द्र) में एक अभ्यर्थी परीक्षा दे रहा था। इस दौरान उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर वहां मौजूद कांस्टेबल ने उसकी जांच की। जांच में उसके पास ब्लू-टूथ डिवाइस पाया गया। जिसके जरिए उसे प्रश्नों के उत्तर बताए जा रहे थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गयी है। पकड़ा गया युवक हरियाणा के हिसार निवासी विक्रम सिंह बताया जा रहा है।



