पांच कांस्टेबल और सरकारी अध्यापक पूर्व में ही किए जा चुके हैं निलंबित
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जिले में सायरा थाने के 5 कांस्टेबलों और सरकारी टीचर द्वारा एक युवक के साथ थाने में क्रूरतापूर्वक मारपीट के मामले में एसएचओ पर भी गाज गिरी है। 5 कांस्टेबलों को निलंबित करने के बाद आज बुधवार को एसएचओ उम्मेदी लाल को भी निलंबित कर दिया गया है। इधर मामले में आरोपी जेमली स्थित सरकारी स्कूल के अध्यापक इन्द्रपाल सिंह कुड़ी को भी निलंबित कर दिया गया है।
विप्र सेना ने 5 कांस्टेबलों को निलंबित करने के बाद एसएचओ के निलंबन की भी मांग की थी। विप्र सेना का कहना था कि थाने में युवक के साथ 5 कांस्टेबलों ने बेरहमी से मारपीट की। थाने में होने वाली हर गतिविधि के लिए एसएचओ की भी जिम्मेदारी होती है, इसलिए एसएचओ को भी निलंबित किया जाए। इसके बाद आज एसपी ने आदेश जारी कर एसएचओ उम्मेदीलाल को निलंबित कर दिया है।
ये हुआ था घटनाक्रम
गौरतलब है कि ब्राह्मणों का कलवाना, सायरा निवासी निर्मल पुत्र कन्हैयालाल ने एफआईआर दर्ज करवाई है कि वह 3 अप्रेल रात 10 बजे बस स्टैंड के पास खड़ा था। वहां पास में सायरा थाने के कांस्टेबल मुकेश और जेमली स्थित सरकारी स्कूल के अध्यापक इन्द्रपाल सिंह कुड़ी कार में बैठ कर शराब पी रहे थे। कांस्टेबल मुकेश ने युवक निर्मल को कार के पास बुलाया और शराब के ठेके से बीयर की 5 बोतलें लाने को कहा। युवक निर्मल ने शराब लाने से मना कर दिया, तो अध्यापक इन्द्रपाल सिंह और कांस्टेबल मुकेश कार से बाहर आए और युवक के साथ मारपीट की। इस दौरान पास खड़े ग्रामीणों ने बीच.बचाव कर मामला शांत कर दिया। युवक वापस अपने घर लौट आया।
रात करीब 1 बजे पुलिस जीप से नशे में धुत होकर कांस्टेबल मुकेश, साथी कांस्टेबल धनराज, राहुल सहित अन्य के साथ युवक के घर पहुंचे। युवक की पत्नी ने दरवाजा खोला। जैसे ही दरवाजा खुला, पुलिसकर्मी युवक को घसीटते हुए घर से बाहर लाए और जीप में बैठाकर ले गए।
थाने लाकर नशे में धुत कांस्टेबलों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। युवक को इतना पीटा गया कि उसके नाक.मुंह से खून बहने लगा और उसका हाथ फ्रेक्चर हो गया। सुबह डरा-धमका कर एसडीएम के समक्ष पेश कर सीआरपीसी की धारा 151 और 107 के तहत पांबद करवाकर छोड़ा। पुलिसकर्मियों ने युवक को धमकाया कि बाहर जाकर किसी से शिकायत की तो झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेज देंगे।
घर पहुंचने पर युवक की तबियत बिगड़ी मो परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां उसके शरीर पर आयीं गंभीर चोटों और फ्रेक्चर हुए हाथ ने रात भर उस पर बीती पुलिस की बेरहमी की कहानी बयां कर दी।




