बड़ा सवाल : यूआईटी पुलिस में मामला दर्ज क्यों नहीं करवा रही ?
उदयपुर (एआर लाइव न्यूज)। हजारो टन भराव से फतहसागर की डूब क्षेत्र की जमीन को पाटने की गुरुवार को एआर लाइव न्यूज पर खबर जारी होते ही यूआईटी हरकत में आ गई।
आनन फानन में लेक पेट्रोल और तहसील शाखा की टीम होमगार्ड के साथ संजय गार्डन के सामने मस्तानबाबा रोड पर पहुंची। यहां पाइप डालने के नाम पर जेसीबी से भराव को समतल किया जा रहा था। यूआईटी टीम ने काम बंद करवाने के साथ ही यहां पर काम में ली जा रही एक जेसीबी और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।
हालांकि अभी भी बड़ा सवाल यह उठता है कि यूआईटी संसाधन जब्त करने के साथ ही संबंधित भू व्यवसायी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज क्यों नहीं करवा रही?। यूआईटी को इस मामले की हाईकोर्ट में भी रिपोर्ट पेश करनी चाहिए,लेकिन उससे भी यूआईटी बचती नजर आ रही है।
यह है मामला

मस्तान बाबा रोड पर फतहसागर के डूब क्षेत्र में हजारो टन भराव डालकर वहां पाइप बिछाकर जमीन का लेवल ऊंचा किया जा रहा था। इस प्रकार के प्रयास पहले भी कई बार हो चुके है। गुरुवार दोपहर बाद एआर लाइव न्यूज ने यूआईटी के इस मामले में मौन रहने पर सवाल खड़ा किया। उच्च अधिकारियों तक यह बात पहुंची तो आनन फानन में यूआईटी की दो टीमें मौके पर दौड़ी और काम बंद करवाया। जिस जगह भराव से झील की जमीन पाटी जा रही थी वह जमीन नियंत्रित निर्माण निषेध क्षेत्र के जोन-1 में आ रही है। जहां झील को नुकसान पहुुंचाने जैसी किसी प्रकार की मानवीय गतिविधियां, निर्माण हो ही नहीं सकता।


