जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या बढ़कर 300 से अधिक हो गयी है। गुरूवार को पिछले 24 घंटों में ओमिक्रॉन के 64 नए केस सामने आए हैं। देश में संक्रमितों की बढ़ती संख्या के चलते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रीव्यू मीटिंग ली।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को कोरोना के बढ़ते मामलों की समीक्षा करेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को ओमिक्रॉन को लेकर समीक्षा बैठक की। जानकारी के अनुसार देश में सर्वाधिक ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या महाराष्ट्र में 65, दिल्ली में 64 है। जबकि तेलंगाना में 38, तमिलनाडु में 34, कर्नाटक में 31, केरल में 29 और राजस्थान में 22 मामले सामने आ चुके हैं।
जयपुर में आज 17 कोरोना संक्रमित

राजस्थान में आज गुरूवार को 39 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसमें सर्वाधिक जयपुर में 17, बीकानेर में 4, अलवर-अजमेर में 3-3 और उदयपुर, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, झुंझुनू, सीकर में 2-2 और बाड़मेर, जैसलमेर में 1-1 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इससे राज्य में कोरोना एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 245 हो गयी है। वहीं अब तक राज्य में 22 लोग ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं।


