जयपुर,(ARLive news)। जयपुर में सोमवार को 10 मरीजों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने से सरकार की चिंता बढ़ गयी है। सभी को डर है कि कहीं जयपुर के हाल भी भीलवाड़ा जैसे न हो जाएं। भीलवाड़ा में अभी 26 मरीज कोरोना संक्रमित हैं। वहीं जयपुर में कोरोना मरीजों की संख्या 20 हो गयी है।
इसके बाद अब राजस्थान में कोरोना संक्रमितों की संख्या 79 हो गयी है, इनमें 7 नागरिक वे हैं, जिन्हें ईरान से एयरलिफ्ट कर भारत लाया गया था और यहां जैसलमेर और जोधपुर क्वेरेंटाइन में रखा गया था। ये जोधपुर में भर्ती हैं।
जयपुर में तीन दिन पहले रामगंज क्षेत्र से एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया था। इसके बाद से रामगंज सहित आस-पास के सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया था और मेडिकल टीम ने कोरोना संक्रमित व्यक्ति से पूछताछ कर उन लोगों की सूचि बनाई थी, जिनके वह संपर्क में आया होगा। मेडिकल टीम ने इन सभी को क्वेरेंटाइन किया है। इनमें लक्षण पाए जाने पर जब जांच करवायी गयी तो सोमवार को दस व्यक्तियों की कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट आयी। इस रिपोर्ट के बाद से ही राज्य सरकार की चिंता बढ़ गयी है।हालां कि सोमवार को चिकित्सा मंत्री ने राहत की सूचना देते हुए जानकारी दी थी कि भीलवाड़ा में कोरोना के 8 मरीज ठीक हो चुके हैं।


