पैंथर को पकड़ने लगाए पिंजरे, ड्रॉन कैमरे से वनकर्मी कर रहे निगरानी
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर शहर से सटे लकड़वास क्षेत्र के धामधर गांव में पैंथर के हमले में 2 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी, तभी पहाड़ी से घर की छत पर आए पैंथर ने उस पर हमला कर दिया। घटना के समय बच्ची की मां और परिवार के अन्य सदस्य भी आंगन में मौजूद थे। परिजनों ने पैंथर से बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। | Udaipur Panther Attack
घटना की सूचना पर डीएफओ डीके तिवारी सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। डीएफओ ने बताया कि घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे खेगरों की भागल ग्राम पंचायत के धामधर गांव में हुई। पैंथर हमले में दो वर्षीय नगीना उर्फ नीलम पुत्री सुरेश की मौत हुई है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। नियमानुसार पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा।

पहाड़ी से घर की छत पर पहुंचा पैंथर, अचानक किया हमला
जानकारी के अनुसार बच्ची का घर पहाड़ी से सटा हुआ है। आसपास RSMM की माइंस, पहाड़ियां और घना जंगल होने से क्षेत्र में पैंथर का मूवमेंट बना रहता है। गुरुवार शाम अंधेरा होने के बाद पैंथर पहाड़ी से घर की छत पर आ गया। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। बच्ची की मां खाना बना रही थी और परिवार के अन्य सदस्य आंगन में थे। इसी दौरान पैंथर ने छत से छलांग लगाकर आंगन में खेल रही बच्ची पर हमला कर दिया।
बच्ची की चीख सुनकर परिजन दौड़े और पैंथर को घेरने का प्रयास किया। इस पर पैंथर बच्ची को छोड़कर पहाड़ी की तरफ जंगल में भाग गया।
ग्रामीणों से अकेले नहीं निकलने की अपील
घटना की सूचना पर वनअधिकारी, रेंजर एवं वनकर्मी मौके पर पहुंची। डीएफओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पैंथर को पकड़ने के लिए संभावित स्थानों पर दो पिंजरे लगाए गए हैं। वनकर्मी ड्रोन कैमरे की मदद से पैंथर की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
सरपंच के माध्यम से ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है। वन विभाग ने लोगों को अकेले बाहर नहीं निकलने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पैंथर हमले के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। | udaipur panther killed two year old girl
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

