बड़गांव में अशोक शर्मा, नाई में अटली बाई, गिर्वा रमेश चंद्र मीणा बने प्रधान : झाड़ोल में निर्दलीय और वल्लभनगर में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान बनी
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले की 20 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव संपन्न हुए। सभी पंचायत समितियों को नए प्रधान मिल गए हैं। वल्लभनगर पंचायत समिति में भाजपा की पूनम निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं, जबकि शेष 19 पंचायत समितियों में मतदान के जरिए प्रधान चुने गए। अब शनिवार को उप प्रधान पद के लिए चुनाव होगा। | Udaipur Pradhan Election 2026
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल की देखरेख में हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कई पंचायत समितियों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। उदयपुर शहर से सटे क्षेत्रों की पंचायत समितियों में बड़गांव पंचायत समिति में भाजपा के अशोक शर्मा, गिर्वा में भाजपा के रमेश चंद्र मीणा और नाई में भाजपा के अटली प्रधान निर्वाचित हुए। वहीं सायरा पंचायत समिति में कांग्रेस के मांगीलाल गरासिया प्रधान बने। | Udaipur Pradhan Election 2026
वीडियो में देखे भींडर में कैसे माहौल गरमाया
भींडर में चुनाव के दौरान गरमाया माहौल
ठंड के मौसम में भींडर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव ने राजनीतिक पारा बढ़ा दिया। चुनाव के दौरान पंचायत समिति के बाहर कांग्रेस की पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत और कुबेर सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इससे काफी देर तक माहौल गरमाया रहा। मौके पर मौजूद भीड़ को नियंत्रित करने और हटाने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।

गिर्वा और सायरा के चुनाव रहे चर्चा में
गिर्वा पंचायत समिति में कांग्रेस के विवेक कटारा को हार का सामना करना पड़ा। कटारा इससे पहले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली थी। वहीं सायरा पंचायत समिति में मांगीलाल गरासिया प्रधान निर्वाचित हुए। विधानसभा चुनाव में गोगुंदा सीट से लगातार हार के बाद उन्होंने पंचायत समिति सायरा की राजनीति में अपनी जगह बनाई और प्रधान बनने में सफल रहे।
उदयपुर जिले की पंचायत समितियों में निर्वाचित प्रधानों की सूची
पंचायत समिति : निर्वाचित प्रधान : पार्टी
- बड़गांव : अशोक शर्मा : भाजपा
- गिर्वा : रमेश चंद्र मीणा : भाजपा
- नाई : अटली बाई : भाजपा
- घासा : ललित खटीक : कांग्रेस
- भींडर : राजकुमारी जैन : भाजपा
- वल्लभनगर : पूनम मेनारिया (निर्विरोध) : भाजपा
- कुराबड़ : माधुलाल मीणा : कांग्रेस
- मावली : पूरण कुँवर : भाजपा
- सायरा : मांगीलाल गरासिया : कांग्रेस
- सुलाव : रणमल : भाजपा
- गोगुंदा : पदमाराम भील: भाजपा
- देवला : इंद्रा : भाजपा
- कोटड़ा : नाथा : भाजपा
- झाड़ोल : रेखा देवी : निर्दलीय
- फलासिया : अनिता : कांग्रेस
- ओगणा : मधु देवी : कांग्रेस
- ऋषभदेव : शारदा मीणा : कांग्रेस
- कल्याणपुर : त्रिपुरा देवी कटारा : कांग्रेस
- खेरवाड़ा : अनिल कुमार : भाजपा
- नया गांव : पन्नालाल परमार : कांग्रेस
राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी अनुसार राजस्थान में प्रधान पदों की स्थिति

शनिवार को उप प्रधान पद के लिए चुनाव
प्रधान पद के चुनाव के बाद अब सभी की नजरें शनिवार को होने वाले उप प्रधान पद के चुनाव पर रहेंगी। इन चुनावों में राजनीतिक दलों के बीच समीकरण और सदस्यों की एकजुटता अहम होगी। कई पंचायत समितियों में उप प्रधान पद को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

