ऋषभदेव थाने में एसीबी कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में एक्शन
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले के ऋषभदेव पुलिस थाने में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने थानाधिकारी हेमंत अहारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में एएसआई रणजीत हड़ात, रमेश चन्द्र और कांस्टेबल कैलाश मीणा भी शामिल हैं।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि मामले की प्राथमिक जांच ऋषभदेव डीएसपी को सौंपी गई है। उन्हें पूरे प्रकरण की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
थानाधिकारी के खिलाफ थाने में दर्ज होगी FIR
एसीबी ने रिश्वत मांगने और पद के दुरुपयोग के आरोपों में मामला दर्ज किया है। इसके अलावा परिवादी को थाने में अवैध रूप से हिरासत में रखने और मारपीट करने के आरोपों को लेकर थानाधिकारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ ऋषभदेव थाने में आपराधिक मामला दर्ज करवाने की तैयारी है। इसके लिए एसीबी ने उदयपुर एसपी को रिपोर्ट सौंपी है।
थाने में हुई मारपीट के चलते एसीबी ने परिवादी और उसके दो परिचित युवकों का 22 नवंबर की रात ही मेडिकल करवा दिया था।
चार घंटे की रिकॉर्डिंग की जांच
एसीबी को थानाधिकारी के सरकारी आवास, कार और थाने के स्वागत कक्ष से वॉइस रिकॉर्डर और मिनी रिकॉर्डर मिले थे। इनमें रिकॉर्ड करीब चार घंटे की बातचीत की ट्रांसक्रिप्ट तैयार की जा रही है। इससे मामले में नए खुलासे होने की संभावना है।
वहीं, एसीबी ने ऋषभदेव थाने के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने के लिए हार्ड डिस्क संरक्षित कर ली है। इन फुटेज की भी जांच की जा रही है।
रिलेटेड न्यूज- क्लिक कर यह भी पढ़ें: ऋषभदेव थाना पुलिस एक्सटॉर्शन, अवैध हिरासत, रिश्वत मांग और पद के दुरूपयोग के आरोप, एसीबी शिकंजे में थानाधिकारी
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

