15 नवंबर को डीपीएस ग्राउंड में सजेगी ‘द अर्थ सिम्फनी’ की संगीतमय शाम, रिकी केज को मिलेगा हिंदुस्तान जिंक सृजन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। झीलों की नगरी उदयपुर में रविवार, 15 नवंबर 2026 को संगीत, कला और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं संगीत संस्था ‘सृजन द स्पार्क’ की ओर से बिजय कुमार सुराणा फाउंडेशन और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सहयोग से दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) ग्राउंड में भव्य सम्मान समारोह एवं संगीतमय संध्या आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में तीन बार ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुके और पद्मश्री से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय संगीतकार रिकी केज पहली बार उदयपुर में लाइव प्रस्तुति देंगे।
इस आयोजन का विशेष आकर्षण रिकी केज का चर्चित संगीत कार्यक्रम ‘द अर्थ सिम्फनी’ रहेगा। इसके साथ ही संगीत, कला, उद्योग, शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात प्रतिष्ठित हस्तियों को ‘सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
रिकी केज की ‘द अर्थ सिम्फनी’ देगी पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने बताया कि कार्यक्रम में रिकी केज अपनी विशेष संगीतमय प्रस्तुति ‘द अर्थ सिम्फनी’ के माध्यम से दर्शकों को प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और धरती के प्रति मानवीय जिम्मेदारी का संदेश देंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई उनकी संगीत रचनाएं इस शाम को खास बनाएंगी। भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने वाले रिकी केज को संगीत एवं कला के क्षेत्र में उनके विशिष्ट अंतरराष्ट्रीय योगदान के लिए ‘हिंदुस्तान जिंक सृजन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026’ प्रदान किया जाएगा।
सात प्रतिष्ठित हस्तियों को मिलेगा सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड-2026
संस्था के संरक्षक प्रसन्न खमेसरा ने बताया कि समारोह में देश की सात प्रतिष्ठित हस्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इन पुरस्कारों के माध्यम से कला, संगीत, व्यवसाय, शिक्षा, साहित्य और सिनेमा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।
सेलो ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप राठौड़ (मुंबई) को सृजन बिजनेस आइकन अवॉर्ड, प्रसिद्ध वायलिन वादक दीपक पंडित (मुंबई) को सृजन वी.डी. पलुस्कर अवॉर्ड, प्रख्यात शायर एवं गायक डॉ. हरिओम, आईएएस (लखनऊ) को सृजन अमीर खुसरो अवॉर्ड तथा शिक्षाविद एवं कला संरक्षक सुधीर तिवारी (रांची) को सृजन ओंकारनाथ ठाकुर अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। पूर्वाध्यक्ष श्याम एस. सिंघवी ने बताया कि इसी प्रकार जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरमैन अमित अग्रवाल (जयपुर) को सृजन नंदलाल बोस अवॉर्ड, इंदिरा आईवीएफ के प्रमोटर एवं फिल्म निर्माता डॉ. अजय मुर्डिया (उदयपुर) को सृजन खेमचंद प्रकाश अवॉर्ड तथा प्रसिद्ध गायक एवं दंत चिकित्सक डॉ. समीर शर्मा (जयपुर) को सृजन मास्टर मदन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
निःशुल्क रहेगा प्रवेश, शहर में मिलेंगे पास
सृजन द स्पार्क के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में आमजन के लिए प्रवेश और पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। शहर के विभिन्न निर्धारित केंद्रों पर दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश पास उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उदयपुर में अंतरराष्ट्रीय संगीत और कला का अनूठा संगम
उदयपुर में आयोजित होने जा रही यह संगीतमय शाम केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय संगीत प्रतिभा, भारतीय कला परंपरा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को एक मंच पर लाने का प्रयास है। रिकी केज की पहली लाइव प्रस्तुति और सात प्रतिष्ठित हस्तियों का सम्मान इस आयोजन को शहर के सांस्कृतिक कैलेंडर का विशेष आकर्षण बनाएगा।

