1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर, 4 जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से राजस्थान में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत गुरुवार को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। उदयपुर जिले में जारी प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार कुल 18 लाख 34 हजार 814 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9 लाख 44 हजार 444 पुरुष और 8 लाख 90 हजार 370 महिला मतदाता शामिल हैं। | Udaipur Draft Voter List 2027
भारत निर्वाचन आयोग ने 15 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूचियों के अद्यतनीकरण के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्यक्रम घोषित किया था। इसके तहत अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और दर्ज विवरण में संशोधन कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। | Udaipur Draft Voter List 2027
12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्रारूप मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में प्राप्त आवेदनों का निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) की ओर से 28 दिसंबर 2026 तक निस्तारण किया जाएगा।
सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
साप्ताहिक रूप से सार्वजनिक होगी दावे-आपत्तियों की सूची
दावे एवं आपत्ति अवधि के दौरान प्राप्त आवेदनों की सूची प्रत्येक सप्ताह तैयार कर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय के बाहर चस्पा की जाएगी। इसके साथ ही ये सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी।
पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईआरओ प्रत्येक सप्ताह मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे और प्राप्त आवेदनों की सूचियां उन्हें उपलब्ध कराएंगे।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष फोकस
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में उन युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, अपात्र नाम हटवाना और मतदाता विवरण में संशोधन कराना निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। पात्र नागरिक इस अभियान के दौरान अपने नाम और विवरण की जांच कर आवश्यक आवेदन कर सकते हैं।
राजनीतिक दलों को दी जानकारी
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के निर्देशन में गुरुवार को कलक्ट्रेट स्थित मिनी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गिर्वा एवं एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा भी उपस्थित रहे।
राजस्थान की स्थिति
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि 12.11.2026 को जारी मतदाता सूची में राजस्थान में कुल 5,26,67,416 मतदाता है जिनमे 2,75,24,780 पुरुष, 2,51,42,052 महिला एवं 584 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

