लखनऊ में आयोजित निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स फिटमेंट शिविर में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लाभार्थियों से संवाद किया
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लखनऊ में आयोजित निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स फिटमेंट शिविर में नारायण सेवा संस्थान के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद के बाद कहा कि उनके अनुभव और चेहरे की खुशी ही संस्थान के कार्यों की सफलता को बताने के लिए पर्याप्त है। | Narayan Seva Sansthan Lucknow Camp
गोमती नगर स्थित होटल में आयोजित शिविर का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांग लाभार्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और अनुभव सुने तथा चिकित्सकों से कृत्रिम अंग और कैलिपर्स फिटमेंट की प्रक्रिया की जानकारी ली।

रामनाथ कोविंद ने कहा कि दिव्यांगता का प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। ऐसे में नारायण सेवा संस्थान दिव्यांगजनों और उनके परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा उनके चेहरों पर मुस्कान लौटाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी लाभार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने भी संस्थान की सेवाओं की प्रशंसा की। उन्होंने प्रदेश में दिव्यांगजनों की सेवा के विस्तार के लिए संस्थान को भूखंड या भवन उपलब्ध कराने की घोषणा की।
शिविर में 40 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने 432 दिव्यांगजनों को कुल 549 कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स निःशुल्क फिट किए। लाभार्थियों को कृत्रिम अंगों के साथ चलने का अभ्यास, मिरर बार और फिजियोथैरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि संस्थान दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में संस्थान निदेशक वंदना अग्रवाल, संरक्षक सत्य भूषण जैन, ट्रस्टी देवेंद्र चौबीसा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

