जोशीमठ,एआर लाइव न्यूज। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट सहित हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सभी शव बरामद किए जाने की जानकारी दी है। | Uttarakhand Helicopter Crash
1:14 बजे बद्रीनाथ से भरी थी उड़ान
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के अनुसार हेलीकॉप्टर VT-HCX ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके बाद उसका ट्रैकिंग सिग्नल भी मिलना बंद हो गया।
कुछ समय बाद जोशीमठ क्षेत्र के हाथी पर्वत इलाके में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। भारतीय सेना, SDRF, पुलिस, ITBP और जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।
पायलट समेत 6 लोग थे सवार
हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। रिपोर्टों के मुताबिक पांचों यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे, जबकि पायलट दिल्ली का निवासी बताया गया है।
खराब मौसम के बीच हुआ हादसा
हादसे के समय उत्तराखंड के कई पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो रही थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चमोली के लिए मौसम को लेकर चेतावनी भी जारी की थी। क्षेत्र में तेज हवाओं, बारिश, बर्फबारी और कम दृश्यता की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

