तस्करों का नया पैंतरा धरा रह गया : व्हाइटिंग चॉक पाउडर के नाम पर बुक किए पार्सल
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान के उदयपुर में गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कूरियर कंपनी के जरिए गुजरात भेजी जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। शराब को 42 बाल्टियों में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर भेजा जा रहा था। | Udaipur Illegal Liquor Seized
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के मुताबिक, गोवर्धनविलास थानाधिकारी सुनील चारण को अहमदाबाद हाईवे स्थित कूरियर वेयरहाउस से शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, उदयपुर से गुजरात के जामनगर के लिए 42 बाल्टियां व्हाइटिंग चॉक पाउडर के नाम पर बुक की गई थीं। संदेह होने पर पुलिस ने वेयरहाउस मैनेजर की मौजूदगी में बाल्टियों की जांच की। तलाशी के दौरान लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाए गए शराब के पव्वे बरामद हुए। पुलिस अब पार्सल बुक कराने वाले और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

चार ब्रांड की शराब, 2386 पव्वे बरामद
पुलिस ने मौके से 8PM व्हिस्की, मिडनाइट मैंगो वोदका, ऑफिसर्स चॉइस और ग्रीन लेबल व्हिस्की के कुल 2,386 पव्वे जब्त किए। इसके साथ कूरियर पार्सल और शराब ले जाने में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी भी जब्त की गई है।
चुनाव आचार संहिता के बीच कार्रवाई
पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता के मद्देनजर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा और वृताधिकारी छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

