उदयपुर सहित मेवाड़ के कई इलाकों में सुबह से छाए बादल, 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। करवा चौथ के अवसर पर आसमान में बादलों की मौजूदगी ने शाम को चांद देखने को लेकर कई क्षेत्रों में व्रतधारी महिलाओं की चिंता बढ़ा रखी है।
मौसम विभाग ने चक्रवात अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
उदयपुर संभाग सहित मेवाड़ के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादलों की मौजूदगी नजर आ रही है। 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। Rajasthan Weather Update
मेवाड़ में सुबह से बादलों की मौजूदगी
उदयपुर शहर सहित मेवाड़ के कई इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। चक्रवात अर्नब के कमजोर होने के बाद भी इसके अवशेषों का असर मौसम पर दिखाई दे रहा है। दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बने डिप्रेशन के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम बदल रहा है। Rajasthan Weather Update

इधर किसानों की चिंता बढ़ी
मौसम में आए बदलाव से तैयार फसल,उपज को लेकर किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। बारिश की संभावना को देखते हुए कई जगह किसानों ने मक्का, ज्वार, बाजरा, सोयाबीन, मूंग, उड़द जैसी फसलों को मशीनों द्वारा निकालना शुरू कर दिया है। इस साल कम बारिश से पहले ही किसानों को कम पैदावर का नुकसान सहन करना पड़ रहा है।

छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी बारिश का पूर्वानुमान
दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर चक्रवात अर्नब के अवशेष के रूप में डिप्रेशन बना हुआ है। इसके प्रभाव से 29 अक्टूबर को पूर्वी छत्तीसगढ़ और उससे सटे उत्तरी ओडिशा में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। वहीं, 30 अक्टूबर को उत्तरी बिहार में भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र
दक्षिण अंडमान सागर और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बना है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि 31 अक्टूबर तक यह दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों में डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है। इसके बाद इस सिस्टम के और अधिक तीव्र होने तथा अगले दो दिनों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार:
- उत्तराखंड: 30 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना।
- पूर्वी उत्तर प्रदेश: 29 और 30 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान।
- हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख: 29 अक्टूबर को कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना।
- पंजाब: 29 अक्टूबर को ओलावृष्टि हो सकती है।
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 30 अक्टूबर को कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना।
- हरियाणा: 29 और 30 अक्टूबर को ओलावृष्टि का अनुमान।
- पूर्वी राजस्थान: 29 और 30 अक्टूबर को कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

