उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। पेसिफिक मेडिकल यूनिवर्सिटी के पेसिफिक डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में बीडीएस के नए बैच 2026 के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन और व्हाइट कोट सेरेमनी आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट डॉ. एम.एम. मंगल, पीएमसीएच के प्रिंसिपल डॉ. यू.एस. परिहार और डेंटल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. गौरव भारद्वाज सहित अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। | Pacific Dental College Udaipur BDS 2026
इस अवसर पर पेसिफिक मेडिकल यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन राहुल अग्रवाल, पीएमसीएच के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अमन अग्रवाल और सीईओ शरद कोठारी ने नए विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि व्हाइट कोट केवल चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत का प्रतीक नहीं, बल्कि मरीजों के स्वास्थ्य, विश्वास और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प भी है।
डॉ. एम.एम. मंगल ने विद्यार्थियों को मेहनत, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं के साथ दंत चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. यू.एस. परिहार ने चिकित्सा सेवा में करुणा, नैतिकता और निरंतर सीखने के महत्व पर जोर दिया।
डॉ. गौरव भारद्वाज ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कॉलेज के अकादमिक वातावरण, अनुशासन और पाठ्यक्रम की जानकारी दी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ चिकित्सक, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।

