उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। गीतांजलि हॉस्पिटल, उदयपुर में वरिष्ठ गैस्ट्रो एवं लिवर सर्जन डॉ. हेमंत जैन और उनकी टीम ने 80 वर्षीय महिला की पित्त नली की जटिल बीमारी का आधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक से सफल ऑपरेशन किया। मरीज की पित्त नली में कई पथरियां, संक्रमण और असामान्य रूप से 3.5 से 4 सेंटीमीटर तक फैलाव था। सफल सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर रही और उन्हें चौथे दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। | Geetanjali Hospital Udaipur Bile Duct Surgery
मरीज पिछले 25–30 वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। जांच में कोलेडोकल सिस्ट (पित्त नली की जन्मजात विकृति) का पता चला। इस स्थिति में पित्त नली असामान्य रूप से फैल जाती है, जिससे पथरी, संक्रमण और लंबे समय में पित्त नली के कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है।
डॉ. हेमंत जैन ने बताया कि मरीज की उम्र और बीमारी की जटिलता को देखते हुए लैप्रोस्कोपिक कोलेडोकल सिस्ट एक्सीजन विद हेपेटिकोजेजुनोस्टॉमी की गई। इसमें असामान्य पित्त नली को हटाकर पित्त के प्रवाह को बहाल करने के लिए पित्त नली को छोटी आंत से जोड़ा गया।
डॉ. जैन ने कहा कि बार-बार पेट दर्द, पीलिया, बुखार या संक्रमण जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और विशेषज्ञ उपचार से गंभीर जटिलताओं का जोखिम कम किया जा सकता है।

