चूरू,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ददरेवा गांव के पास तारानगर-सादुलपुर सड़क मार्ग पर एक कार खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में जीवित बची 7 माह की बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे चूरू रेफर किया गया है। | churu accident news
एक ही परिवार के पांच लोगों समेत छह की मौत
सादुलपुर थानाधिकारी राजेश सिहाग के अनुसार, हादसे के समय कार में कुल 7 लोग सवार थे। दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग और कार चालक शामिल बताए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक तारानगर क्षेत्र के सोमसीसर गांव के रहने वाले थे। परिवार के सदस्य कार से गुड़गांव स्थित देवी मंदिर में भोग लगाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ददरेवा गांव के पास सुबह करीब 8:30 बजे कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही ददरेवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हादसे में केवल 7 माह की बच्ची जीवित बची, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए चूरू रेफर कर दिया।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कार के खड़े ट्रक से पीछे से टकराने की बात सामने आई है। हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और आगे की कार्रवाई शुरू की।

