जयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को दो अलग-अलग जिलों में ट्रैप कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया। खैरथल-तिजारा में जिला विशेष टीम (DST) के दो कांस्टेबलों को कथित तौर पर 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, बांसवाड़ा के ग्लोबल B.Ed. कॉलेज में रिश्वत मांगने के मामले में कॉलेज निदेशक, राजनीति विज्ञान की व्याख्याता और रसायन विज्ञान के अध्यापक को गिरफ्तार किया गया। | Rajasthan ACB Bribery Cases

DST के दो कांस्टेबल 2 लाख रुपये लेते गिरफ्तार
ACB मुख्यालय के निर्देश पर अलवर प्रथम चौकी की टीम ने खैरथल-तिजारा जिला DST में पदस्थापित कांस्टेबल ब्रजेश और कांस्टेबल ईश्वर सिंह को परिवादी से 2 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ACB के अनुसार, रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है।
ACB महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि DST प्रभारी और उनकी टीम के सदस्य सादे कपड़ों में उसके कारखाने पहुंचे थे। आरोप है कि कारखाने में लगे कैमरे हटवाने के बाद नकली कलाकंद बनाने का आरोप लगाया गया और खाद्य विभाग की टीम बुलाकर माल के नमूने लिए गए।
शिकायत के मुताबिक, कारखाने का माल नष्ट करवाने और कारखाना सीज होने से बचाने के बदले कांस्टेबल ब्रजेश ने 1 लाख रुपये मांगे। वहीं, कांस्टेबल ईश्वर सिंह पर परिवादी के परिचित अन्य कारोबारियों से 50-50 हजार रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर उनके कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की धमकी देने का आरोप है।
ACB के अनुसार, शिकायत के सत्यापन में परिवादी और सहपरिवादियों की फर्मों पर कार्रवाई नहीं करने तथा तैयार माल नष्ट नहीं करवाने के बदले कुल 2.20 लाख रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों कांस्टेबलों को 2 लाख रुपये लेते गिरफ्तार किया गया।
बांसवाड़ा: ग्लोबल B.Ed. कॉलेज के तीन लोग गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में ACB बांसवाड़ा इकाई ने बड़ोदिया स्थित ग्लोबल B.Ed. कॉलेज के रसायन विज्ञान अध्यापक भूपेन्द्र जैन को सहपरिवादी से 5,000 रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। रिश्वत मांग के सत्यापन में कथित भूमिका सामने आने पर कॉलेज निदेशक सिद्धांत जैन और राजनीति विज्ञान की व्याख्याता सुनीता जैन को भी गिरफ्तार किया गया।
ACB के अनुसार, कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों की उपस्थिति कम होने के बावजूद पूरे वर्ष सहयोग करने और इंटर्नशिप के रिलीविंग लेटर जारी करने के बदले रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान निदेशक सिद्धांत जैन, व्याख्याता सुनीता जैन और अध्यापक भूपेन्द्र जैन द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी से 20,000 रुपये की रिश्वत मांगने तथा राशि लेने पर सहमति जताने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान भूपेन्द्र जैन को 5,000 रुपये लेते गिरफ्तार किया गया, जबकि कथित तौर पर रिश्वत मांगने में मुख्य भूमिका पाए जाने पर निदेशक और व्याख्याता को भी गिरफ्तार किया गया।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
