राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा मानते हुए होटल संचालक के खिलाफ होगी कार्रवाई: युवतियों को देश से निष्कासित करने की प्रक्रिया शुरू
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले की सीआईडी विशेष शाखा (जोन) और गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर 14 स्थित सिटी प्राइड होटल में छापा मारा। टीम ने होटल में अवैध रूप से रह रहीं थाईलैंड की तीन युवतियों को पकड़ा है। तीनों के वीजा एक्सपायर हो चुके थे और तीनों भारत में अवैध रूप से रह रही थीं। | Udaipur: Thai women caught without valid visa
पुलिस ने होटल संचालक से पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि वह तीनों विदेशी युवतियों से होटल में स्पा का काम करवा रहा था। पुलिस ने होटल के विजिटर रजिस्टर की जांच की, तो उसमें इन विदेशी युवतियों की कोई एंट्री नहीं थी। ऐसे में आशंका जतायी जा रही है कि तीनों विदेशी युवतियों से होटल में स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधियां करवायी जा रही थीं।

देश से निष्कासित करने की कार्रवाई शुरू
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर सीआईडी विशेष शाखा जोन और गोवर्धन विलास थाने की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के सिटी प्राइड होटल में बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से रह रही थाईलैंड मूल की 3 विदेशी महिलाओं को डिटेन किया गया है। पुलिस ने इन महिलाओं को देश से निष्कासित करने की कानूनी प्रक्रिया और होटल संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पकड़ी गयीं तीनों युवतियों में एक युवती पहले भी डिपोर्ट हो चुकी
सीआईडी जोन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि टीम ने सेक्टर 14 स्थित होटल पर छापा मारा और होटल के कमरा नंबर 102, 103, 104 और 109 की तलाशी ली। जहां थाईलैंड मूल की तीन युवतियां रुकी हुई थीं। इनका होटल के विजिटर रजिस्टर को कोई रिकॉर्ड नहीं था। इनके वीजा की जांच की गयी तो पता चला कि इनके वीजा एक्सपायर हो चुके हैं और ये तीनों भारत में अवैध रूप से रह रही थीं।
जांच में सामने आया कि अवैध रूप से उदयपुर में रह रही तीनों युवतियों में से एक युवती को पहले भी भारत से डिपोर्ट किया जा चुका था, लेकिन वह दोबारा नेपाल बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर दोबारा उदयपुर पहुंच गई।
होटल मालिक पर गिरेगी गाज, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि विदेशी नागरिकों का इस तरह बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से रहना और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हो सकता है। उनके राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस लापरवाही और कानून के उल्लंघन को लेकर होटल मालिक के विरुद्ध इमीग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट 2025 की धारा 7(2) एवं धारा 29 के तहत सख्त नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम
इस कार्रवाई में सीआईडी जोन की (एफआरओ) टीम की इंस्पेक्टर अनिता शर्मा, अरविन्द कुमार सालवी के नेतृत्व में धर्मेन्द्र कुमार, नरेश चौबीसा व यमनेश कुमार और गोवर्धन विलास थानाधिकारी सुनिल चारण के नेतृत्व में अर्जुनलाल, धर्मवीर सिंह और अंकित सिंह की मुख्य भूमिका रही है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

