उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले में पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण में गुरुवार, 22 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को जिला मुख्यालय से मतदान दल रवाना हुए। प्रथम चरण में जिले की पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। | Udaipur Panchayat Elections 2026
मतदान दलों की रवानगी से पहले जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल और उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़ की मौजूदगी में मास्टर ट्रेनर डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा ने मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव प्रक्रिया, मतदान संबंधी जिम्मेदारियों और निर्वाचन कार्यों को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। | Udaipur Panchayat Elections 2026

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने मतदान कार्मिकों से संवेदनशीलता, गंभीरता और निष्पक्षता के साथ चुनाव संपन्न कराने का आह्वान किया। वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने पुलिसकर्मियों को शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अंतिम प्रशिक्षण के बाद राजस्थान कृषि महाविद्यालय और फतह स्कूल परिसर से मतदान दलों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

प्रथम चरण में जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कहां होगा मतदान?
उदयपुर जिले में 22 अक्टूबर को प्रथम चरण के तहत झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, कुराबड़, वल्लभनगर, गिर्वा, भींडर, नाई, मावली और घासा पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान होगा। इन क्षेत्रों में जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
एक नजर में प्रथम चरण का चुनाव
- जिला परिषद वार्ड – 25
- प्रत्याशी – 65
- पंचायत समितियां – 10
- निर्वाचन क्षेत्र – 160
- प्रत्याशी – 435
- मतदान केंद्र – 826
- पुरुष मतदाता – 3,70,654
- महिला मतदाता – 3,62,011
- ट्रांसजेंडर मतदाता – 2
- कुल मतदाता – 7,32,667
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

