उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसा देबारी क्षेत्र में हिंदुस्तान जिंक के पास पुलिया पर हुआ, जहां पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। | Udaipur Debari road accident
प्रतापनगर थानाधिकारी अजय सिंह के अनुसार, हादसे में कुशाल कीर (21) और उनकी पत्नी निशा कीर (20) की मौत हुई है। दोनों मूल रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के आकोला क्षेत्र के चाकुड़ा गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में उदयपुर के बेड़वास क्षेत्र में रह रहे थे।
बताया गया कि पति-पत्नी स्कूटी से उदयपुर शहर से डबोक की ओर चित्तौड़गढ़ हाईवे पर जा रहे थे। इसी दौरान देबारी में हिंदुस्तान जिंक के पास पुलिया पर पीछे से तेज गति से आए कंटेनर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और फरार चालक की पहचान को लेकर जांच जारी है।

