उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उदयपुर सिटी से कोटा के बीच चंदेरिया और चित्तौड़गढ़ होकर नई मेमू (MEMU) ट्रेन चलाने को मंजूरी मिल गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी को पत्र के जवाब में यह जानकारी दी है। प्रस्तावित ट्रेन के शुरू होने से उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और कोटा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। | Railway news udaipur | latest news Udaipur Kota MEMU train
उदयपुर-कोटा MEMU ट्रेन को रेल मंत्रालय की मंजूरी
चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने उदयपुर सिटी से कोटा के बीच नई ट्रेन शुरू करने की मांग को लेकर पिछले दिनों रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा था। इसके जवाब में रेल मंत्री ने जानकारी दी कि उदयपुर सिटी-कोटा MEMU ट्रेन के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। | Railway news udaipur | latest news Udaipur Kota MEMU train | Udaipur Kota MEMU train

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन के लिए गाड़ी संख्या 61628/61627 प्रस्तावित है। यह ट्रेन चंदेरिया और चित्तौड़गढ़ होकर उदयपुर सिटी तथा कोटा के बीच संचालित होगी।
मुख्यालय की स्वीकृति के बाद शुरू होगा संचालन
रेल मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद नई मेमू ट्रेन का मामला फिलहाल रेलवे मुख्यालय में विचाराधीन है। मुख्यालय से आगे की स्वीकृति और संचालन संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन शुरू होने का रास्ता साफ होगा।
हालांकि, ट्रेन के नियमित संचालन की तारीख, समय-सारणी और ठहरावों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। अब यात्रियों की नजर रेलवे मुख्यालय की आगामी स्वीकृति और ट्रेन के संचालन की तारीख पर है।
कर्मचारियों और विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
उदयपुर-चित्तौड़गढ़-कोटा रेल मार्ग पर नई मेमू ट्रेन शुरू होने से प्रतिदिन यात्रा करने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को फायदा मिल सकता है। ट्रेन के संचालन से इस मार्ग पर रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने और यात्रियों को आवागमन के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलने की उम्मीद है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

