नारायण सेवा संस्थान की ओर से वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में में हुआ आयोजन
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। नारायण सेवा संस्थान की ओर से उदयपुर स्थित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में 501 दिव्यांग कन्याओं का महापूजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर देवी भागवत कथा की पूर्णाहुति हुई। कार्यक्रम में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कन्याओं की आरती उतारकर प्रसाद अर्पित किया। | narayan seva sansthan divyang kanya mahapujan
सांसद रावत ने सर्जरी से लाभान्वित बच्चियों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य और जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नारायण सेवा संस्थान निःशुल्क उपचार और सेवा शिविरों के माध्यम से मानव सेवा करते हुए मेवाड़ का गौरव बढ़ा रहा है।
संस्थान के संस्थापक पद्मश्री कैलाश मानव और निदेशक वंदना अग्रवाल भी उपस्थित रहे। वंदना अग्रवाल ने बताया कि संस्थान जरूरतमंदों को उपचार, सर्जरी, कृत्रिम अंग, कैलिपर्स और पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि दिव्यांग कन्याओं में मां दुर्गा का स्वरूप देखकर किया जाने वाला महापूजन सम्मान, समानता और सामाजिक स्वीकार्यता का संदेश देता है। इसका उद्देश्य बच्चियों और उनके परिवारों में अपनत्व एवं आत्मविश्वास बढ़ाना है।
सांयकालीन सत्र में देवी भागवत कथा के दौरान मां दुर्गा की भक्ति, कन्या पूजन, भगवान श्रीराम और अमृता देवी सहित विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से नारी सम्मान, अहिंसा, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया गया। समापन पर दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, उपचार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

