दीपावली से पहले जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
जयपुर,एआर लाइव न्यूज। दीपावली पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज किया है। | Shudh Aahar Milawat Par Vaar
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के निर्देशानुसार तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन में अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के मार्गदर्शन और संयुक्त आयुक्त वीपी शर्मा के पर्यवेक्षण में केंद्रीय दल तथा जयपुर प्रथम एवं जयपुर द्वितीय की टीमों ने शुक्रवार को जयपुर शहर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। | Shudh Aahar Milawat Par Vaar
हरियाणा डेयरी पर कार्रवाई, 520 किलो पनीर नष्ट
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत केंद्रीय दल ने राजापार्क स्थित हरियाणा डेयरी के दो प्रतिष्ठानों तथा विवेकानंद कॉलोनी स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान 520 किलो पनीर मौके पर नष्ट करवाया गया तथा पनीर के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। विवेकानंद कॉलोनी स्थित गोदाम में खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पनीर की आपूर्ति से संबंधित जानकारी में ग्रैंड उनियारा होटल, नीरोस रेस्टोरेंट, लेमन ट्री प्रीमियर बनीपार्क, कीलाइट होटल बाय लेमन ट्री, बुरडेरा होटल, जयपुरे (मालवीय नगर), लॉर्ड्स इन जयपुर, द फर्न रेजिडेंसी राजापार्क, क्लार्क्स कलेक्शन एस्टर, श्री भोग (मालवीय नगर), ला पिनोज पिज्जा (राजापार्क), श्री माया, ढाबा डिलाइट और यू एंड मी सोया चाप (राजापार्क) सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के नाम सामने आए हैं। विभाग उपलब्ध बिलों और दस्तावेजों के आधार पर पनीर की आपूर्ति से जुड़े तथ्यों की जांच करेगा।
पूर्व में ‘मलाईको’ ब्रांड के पनीर का नमूना लेमन ट्री होटल तथा ‘मक्खन’ ब्रांड के पनीर का नमूना गीतांजलि अस्पताल की कैंटीन से लिया गया था। दोनों नमूने प्रयोगशाला जांच में निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए थे।
खाद्य निर्माण इकाइयों में मिली कमियां, नमूने लिए
जयपुर द्वितीय की टीम ने बसी के हीरावाला औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स त्रिशूल एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई में कमी पाई गई, कर्मचारियों द्वारा कैप और एप्रन का उपयोग नहीं किया जा रहा था। कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच भी नहीं करवाई गई थी। मौके से मिश्री का नमूना लिया गया और प्रतिष्ठान संचालक को कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
बस्सी स्थित मैसर्स रामेश्वर बूरा उद्योग से मिश्री, सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स तुलसी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से व्हाइट ब्रेड एवं बॉम्बे पाव ब्रेड तथा हीरावाला औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स के.सी. एंड ब्रदर्स से नमकीन भुजिया और रिफाइंड पामोलीन तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए।
ड्राई फ्रूट्स, दूध, पनीर और मिठाई की भी जांच
जयपुर प्रथम की टीम ने झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित रॉ लॉ ड्राई फ्रूट्स का निरीक्षण किया। यहां मिली कमियों को दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया गया। प्रतिष्ठान से डिहाइड्रेटेड ड्राई फ्रूट्स, नारियल पाउडर, बादाम और पिस्ता के नमूने लिए गए। वैशाली नगर स्थित बालाजी दूध पनीर भंडार से दूध, मिल्क केक और पनीर तथा मोती डूंगरी रोड स्थित बालाजी मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया गया।
खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण के निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्माण एवं भंडारण स्थलों पर साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने, सुरक्षित पानी का उपयोग करने तथा खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण करने के निर्देश दिए हैं। सभी प्रतिष्ठानों को वैध खाद्य लाइसेंस रखने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने के लिए भी कहा गया है।
जांच के लिए लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी तथा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दीपावली के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग का निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा।

