उदयपुर नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक में जनसमस्याओं के समाधान, वार्डों के विकास और झीलों की स्वच्छता पर जोर
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर नगर निगम के वर्तमान बोर्ड की पहली बोर्ड बैठक बुधवार को मेयर पारस सिंघवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सांसद, उदयपुर शहर और ग्रामीण विधायक सहित नवनिर्वाचित पार्षद और निगम के अधिकारी मौजूद रहे। पहली ही बैठक में मेयर पारस सिंघवी ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता के काम में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “अगर मेरे इस बोर्ड में रहना है तो काम तो करना पड़ेगा।” | Udaipur Municipal Corporation First Board Meeting 2026 |
जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
मेयर पारस सिंघवी ने कहा कि नगर निगम में आमजन के जायज कामों को बेवजह टालना, लोगों को गुमराह करना और एक ही काम के लिए बार-बार चक्कर कटवाने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी काम में कोई तकनीकी या प्रशासनिक अड़चन आती है तो उस पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन इसके कारण जनता को परेशान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम के किसी कर्मचारी द्वारा पार्षद का सम्मान नहीं करने की शिकायत को भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका जोर अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शहर की समस्याओं का समय पर समाधान करने पर रहा।
राजनीति से ऊपर उठकर होगा सभी वार्डों का विकास
नवनिर्वाचित पार्षदों के परिचय और सम्मान के बाद मेयर सिंघवी ने कहा कि उदयपुर नगर निगम के सभी वार्डों में राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने विपक्ष के पार्षदों से भी सकारात्मक सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सहयोग मिलने पर उनके वार्डों के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि पार्षद नगर निगम व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पार्षदों के सहयोग के बिना विकास कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करना संभव नहीं है। इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर शहर के विकास में सहयोग करना चाहिए।
ग्रामीण क्षेत्र के 10 वार्डों पर रहेगा विशेष ध्यान
हाल ही में नगर निगम में शामिल किए गए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 10 वार्डों में जनसमस्याओं और विकास कार्यों की जरूरत को देखते हुए विशेष फोकस किया जाएगा। मेयर पारस सिंघवी ने कहा कि इन वार्डों की समस्याओं और विकास की संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए संबंधित पार्षदों के साथ जल्द ही अलग से बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम में शामिल होने के बाद जिन पंचायत भवनों का प्रबंधन अब निगम के पास आ गया है। ग्रामीण क्षेत्रों से निर्वाचित पार्षद इन भवनों में बैठकर आमजन से मिलें और उनकी समस्याएं सुनें, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़े।
शहर की स्वच्छता और झीलों का संरक्षण प्राथमिकता
मेयर सिंघवी ने कहा कि उदयपुर की पहचान उसकी झीलों से है। इसलिए शहर की स्वच्छता के साथ झीलों की स्वच्छता और संरक्षण भी नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने झीलों में सीवरेज का पानी जाने से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करने और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
इसके साथ ही स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कराए गए कार्यों में सामने आने वाली समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलें और उदयपुर की झीलों एवं पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। बैठक में पेयजल को लेकर मौजूदा परिस्थितियों पर भी चर्चा की गई।
प्रमोद सामर को बनाया दीपावली मेले का संयोजक
बैठक में आगामी 28 अक्टूबर से टाउनहॉल में आयोजित होने वाले दीपावली मेले को लेकर भी चर्चा हुई। मेयर पारस सिंघवी ने भाजपा पार्षद प्रमोद सामर को मेले का संयोजक बनाने की घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि प्रमोद सामर भी उदयपुर नगर निगम के मेयर पद की दौड़ में शामिल थे, लेकिन भाजपा ने पारस सिंघवी को मेयर पद के लिए चुना। अब दीपावली मेले की जिम्मेदारी सामर को सौंपे जाने की घोषणा पहली बोर्ड बैठक के प्रमुख राजनीतिक घटनाक्रमों में शामिल रही।
पहली बैठक से क्या संकेत मिले?
उदयपुर नगर निगम के नए बोर्ड की पहली बैठक में मेयर पारस सिंघवी ने तीन प्रमुख प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं—जनता के काम समय पर करना, सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाना और शहर की स्वच्छता एवं झीलों के संरक्षण पर ध्यान देना। ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े 10 वार्डों के लिए अलग बैठक की घोषणा और अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया सख्त संदेश आने वाले समय में निगम की कार्यप्रणाली के महत्वपूर्ण पहलू रहेंगे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

