नाव में सवार होकर भोज के लिए जा रहे थे लोग, 13 बच्चों की हो चुकी मौत
वैशाली, एआर लाइव न्यूज। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में गंगा नदी में नाव पलटने की दर्दनाक घटना के बाद बुधवार, 14 अक्टूबर को भी प्रशासन की कार्रवाई जारी रही। रामपुर श्यामचंद गांव के पास मंगलवार रात हुए हादसे में अब तक 13 बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की उम्र 15 वर्ष से कम बताई गई है। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। | Bihar Ganga River Boat Accident
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे रामपुर श्यामचंद गांव के लोग गंगा नदी पार कर दूसरे गांव में श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे। नाव में 20 से अधिक लोग सवार थे। नदी के बीच नाव पलट गई और उसमें सवार लोग पानी में डूबने लगे। | Bihar Ganga River Boat Accident
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। बाद में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम और स्थानीय गोताखोर भी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह नाव क्षतिग्रस्त और जर्जर थी। इसको लेकर क्षेत्रीय जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार शिकायत की,उसके बावजूद कोई कारवाई नहीं हुई।
13 बच्चों की मौत, बचाए गए लोगों का अस्पताल में इलाज
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार, हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है और छह लोगों को बचाया गया। बचाव दल ने क्षतिग्रस्त नाव को भी नदी से बाहर निकाल लिया। बुधवार को लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी रहने की खबर सामने आई।
मृतकों के परिवारों को छह लाख रुपये की सहायता
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

