उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में आगामी तीन दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग और पूर्वी राजस्थान के जयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।| Rajasthan Rain and Hailstorm Alert
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों में राजस्थान के कुछ हिस्सों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने संभावित बारिश, तेज हवाओं और ओले गिरने की आशंका को देखते हुए किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है। | Rajasthan Rain and Hailstorm Alert
बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर और फलोदी सहित आसपास के जिलों में 14 और 15 अक्टूबर को तेज मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
जयपुर और भरतपुर संभाग में 14 से 16 अक्टूबर तक बदलेगा मौसम
पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 14 से 16 अक्टूबर के दौरान इन संभागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
वहीं, 15 अक्टूबर को जयपुर संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खेतों में कटी हुई फसल और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करें। खुले में रखे अनाज को ढककर रखें और तेज हवाओं के दौरान कृषि उपकरणों तथा अन्य सामान को सुरक्षित कर लें।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

