फिजियोलॉजी के नवीन शोध और चिकित्सा शिक्षा पर हुआ मंथन
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, गीतांजलि यूनिवर्सिटी में आयोजित एसोसिएशन ऑफ फिजियोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया (ASSOPI) के 12वें वार्षिक सम्मेलन ASSOPICON 2026 का समापन हुआ। चार दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से फिजियोलॉजिस्ट, चिकित्सा शिक्षाविद्, शोधकर्ता, चिकित्सक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सम्मेलन का मुख्य विषय “Physiology Across the Spectrum: Molecules, Medicine and Mind-Body Health” रहा। आयोजन गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के शरीर क्रिया विज्ञान विभाग ने एसोसिएशन ऑफ फिजियोलॉजिस्ट्स ऑफ राजस्थान के सहयोग से किया। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मंजिंदर कौर और आयोजन सचिव डॉ. नरेन कुर्मी के नेतृत्व में सम्मेलन का उद्देश्य फिजियोलॉजी में नवीन शोध, चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना रहा।
उद्घाटन समारोह में गीतांजलि ग्रुप के चेयरमैन जे. पी. अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। वहीं सम्मेलन में दस प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाओं और नौ कैफे कॉर्नर के जरिए अनुसंधान पद्धति, एक्सरसाइज फिजियोलॉजी, लाइफस्टाइल मेडिसिन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोनॉमिक फंक्शन टेस्टिंग, योग और ध्यान सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
वैज्ञानिक सत्रों में चिकित्सा शिक्षा, न्यूरोफिजियोलॉजी, निद्रा विज्ञान, उच्च पर्वतीय शरीर क्रिया विज्ञान, हृदय एवं श्वसन संबंधी कार्यप्रणाली तथा आधुनिक नैदानिक तकनीकों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
समापन समारोह में शोध-पत्र, पोस्टर और क्विज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मंजिंदर कौर ने विशेषज्ञों, प्रतिनिधियों, ASSOPI पदाधिकारियों, आयोजकों, स्वयंसेवकों और सहयोगी कर्मचारियों का आभार जताया।
