गीतांजलि मेडिकल कॉलेज में जागरूकता सत्र
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, उदयपुर के मनोचिकित्सा विभाग की ओर से विद्यार्थियों के कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य और नशा विरोधी जागरूकता को लेकर छात्र कल्याण एवं नशा विरोधी जागरूकता निगरानी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्टूडेंट्स को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के साथ-साथ इसके कानूनी और सामाजिक परिणामों के प्रति जागरूक करना था। Udaipur Geetanjali Medical College Anti Drug Awareness Program
कार्यक्रम का संचालन मनोचिकित्सा विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र जीनगर और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. भक्ति मुरके ने किया। सत्र में नशीले पदार्थों के उपयोग से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान, रोकथाम, जिम्मेदार निर्णय लेने और स्टूडेंट्स कल्याण में संस्थान की भूमिका पर चर्चा की गई।
इसके बाद एसपी डॉ. अमृता दुहान के साथ संवादात्मक सत्र हुआ। एसपी ने विद्यार्थियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेस (NDPS) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने नशीले पदार्थों के सेवन, कब्जे और वितरण से जुड़े कानूनी पहलुओं तथा इनके शैक्षणिक, सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्परिणामों को समझाया।
कार्यक्रम के समापन पर डीन डॉ. संगीता गुप्ता ने विद्यार्थी कल्याण, जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर जोर दिया। वहीं समाज कल्याण विभाग, उदयपुर की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति और नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों का संदेश दिया गया।

