उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 से 14 अक्टूबर के दौरान राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। | Rajasthan weather forecast October
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र (Circulation System) बनने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से 10 और 11 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं सहित आसपास के जिलों में मौसम बदल सकता है। | Rajasthan weather forecast October
इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की गति करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
13-14 अक्टूबर को कहां होगी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक 13 और 14 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश का दायरा सीमित रहने की संभावना है।
दूसरी ओर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभागों के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। ऐसे में इन क्षेत्रों में फिलहाल बारिश की गतिविधियां ज्यादा प्रभावी रहने की उम्मीद नहीं है।
राजस्थान में मानसून की विदाई जारी
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी देश के कई हिस्सों से आगे बढ़ चुकी है। राजस्थान में मानसून की वापसी की शुरुआत 19 सितंबर 2026 को पश्चिमी राजस्थान से हुई थी। इसके बाद मानसून उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों के अलावा गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बड़े हिस्सों से भी विदा हो चुका है।
हालांकि, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

