उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर पुलिस ने युवाओं को नशे से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “जागृति” अभियान के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिले में हिरणमगरी, कोटड़ा और माण्डवा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अवैध गांजा और भांग की खेती नष्ट करने के साथ करीब 50 लाख रुपये कीमत की 470 ग्राम MDMA ड्रग्स जब्त की है। कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। | Udaipur Police Anti-Drug Action
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पुलिस ने थाना कोटड़ा, माण्डवा और हिरणमगरी क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई जारी है।
हिरणमगरी में 50 लाख की MDMA जब्त, तीन गिरफ्तार
हिरणमगरी थानाधिकारी रविन्द्र चारण और स्पेशल टीम प्रभारी देवेन्द्र सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली।
कार में सवार तीन लोगों के कब्जे से 470 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस के अनुसार इसकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये है। पुलिस ने ड्रग्स के साथ स्कॉर्पियो को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उदयपुर के बेड़वास निवासी मनीष पुत्र रमेश, फतहनगर निवासी शंकर पुत्र बेणीराम और बालोतरा निवासी नरेश पुत्र किशनाराम को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार तस्कर यह एमडीएमए ड्रग्स बालोतरा के गुड़ामालानी निवासी अरविंद से खरीदकर उदयपुर लाए थे और यहां पैडलर्स के जरिए नशे के आदी अलग-अलग स्टूडेंट्स तक पहुंचायी जानी थी।

वाकल नदी किनारे अवैध गांजे की खेती पकड़ी
कोटड़ा थानाधिकारी प्रभुलाल के नेतृत्व में पुलिस ने ग्राम डुंगरिया-खाखरिया पटवार मंडल क्षेत्र में वाकल नदी के किनारे एक खेत में अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती पकड़ी। सर्कल गश्त के दौरान पुलिस को खेत में गांजे की खेती होने की जानकारी मिली थी। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और 192.22 किलोग्राम हरे एवं गीले गांजे के पौधे उखाड़कर जब्त किए।
पुलिस अवैध खेती और इससे जुड़े तस्करी नेटवर्क के आरोपियों की तलाश कर रही है।

दुर्गम पहाड़ियों में गांजे और भांग की अवैध खेती
माण्डवा थाना क्षेत्र की दुर्गम पहाड़ियों में पुलिस ने गांजे और भांग की अवैध खेती पकड़ी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए मौजा साड़ी के नदी फला क्षेत्र में अवैध गांजा और भांग की खेती कर रखी है।
माण्डवा थानाधिकारी मूंगलाराम और डीएसटी प्रभारी चंद्रभान सिंह की टीम ने तड़के सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने विभिन्न खेतों में की जा रही अवैध खेती को नष्ट कर कुल 1149.500 किलोग्राम हरे गांजा और भांग के पौधे जब्त किए। इनमें 17.450 किलोग्राम गांजा और 1132.05 किलोग्राम भांग के पौधे शामिल थे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

