जयपुर, एआर लाइव न्यूज। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सोमवार को न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई के तहत 250 से अधिक मकानों और दुकानों में किए गए अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं। अभियान गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक करीब तीन किलोमीटर लंबे मार्ग पर चलाया जा रहा है। | New Sanganer Road JDA encroachment drive
जेडीए अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में गुर्जर की थड़ी की ओर से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। रिकॉर्ड में न्यू सांगानेर रोड की चौड़ाई 100 फुट है, लेकिन अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई घटकर करीब 40 से 60 फुट रह गई है।
अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। जेडीए को छह अक्टूबर को अदालत में अनुपालन रिपोर्ट पेश करनी है। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया।
जेडीए के मुताबिक, संबंधित संपत्ति मालिकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। कार्रवाई से पहले कुछ व्यापारियों ने खुद भी निर्माण के हिस्से हटाने शुरू कर दिए थे।
वहीं, कुछ स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध किया। उनका कहना है कि त्योहारों से पहले निर्माण हटाए जाने से कारोबार और आजीविका प्रभावित होगी।
