डॉ. अरविंदर सिंह की पहल से दिव्यांगजनों के उत्पाद पहुंचे ग्राहकों तक: मेले में पहुंचे दिव्यांगजन बोले- सहानुभूति नहीं, बाजार और अवसर चाहिए
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पैनेशिया डिसेबिलिटी राइट्स एक्टिविस्ट्स ने उदयपुर के आरसीए ग्राउंड में आयोजित स्वदेशी मेला 2026 में विशेष पहल की है। 2 से 5 अक्टूबर तक चल रहे मेले में संस्था की ओर से विशेष स्टॉल लगाया गया है, जहां दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। | Udaipur Swadeshi Mela 2026: Panacea Dr. Arvinder singh initiative
इस पहल का उद्देश्य उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है। संस्था दिव्यांगजनों को सीधे बाजार, व्यापारियों और संभावित ग्राहकों से जोड़ने के साथ उनके कौशल को पहचान दिलाने और स्वरोजगार के अवसर विकसित करने पर जोर दे रही है।
दिव्यांग के लिए सशक्तिकरण सम्मानजनक आय अर्जित करने के समान अवसर मिलना जरूरी
पैनेशिया का मानना है कि दिव्यांग सशक्तिकरण केवल सरकारी सहायता, पेंशन और सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्हें अपनी योग्यता के अनुसार काम, व्यवसाय, उत्पाद निर्माण और सम्मानजनक आय अर्जित करने के समान अवसर मिलना जरूरी है।
अर्थ Diagnostics के सीईओ और पैनेशिया डिसेबिलिटी राइट्स एक्टिविस्ट्स के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. अरविंदर सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सहानुभूति या सहायता नहीं, बल्कि अवसर और बाजार तक पहुंच की जरूरत है। उनके अनुसार, दिव्यांग व्यक्ति का बनाया उत्पाद जब बाजार में बिकता है, तो यह उसके कौशल, मेहनत और आत्मनिर्भरता को मिलने वाला समर्थन है।
संस्था ने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर दिव्यांगजनों द्वारा बनाए गए उत्पादों को देखने और खरीद के माध्यम से उनके आर्थिक सशक्तिकरण में भागीदारी करने की अपील की है।

