उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज, उदयपुर में राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता माह के तहत इंटर-कॉलेज स्नातकोत्तर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छह मेडिकल कॉलेजों के मनोरोग विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भाग लिया। | geetanjali medical-college-pg-quiz
कार्यक्रम की अध्यक्षता गीतांजलि मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. संगीता गुप्ता ने की। क्विज का संचालन एवं एंकरिंग डॉ. भक्ति मुर्के ने किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मनोरोग विज्ञान एवं मानसिक स्वास्थ्य, विशेष रूप से मूड डिसऑर्डर से जुड़े विषयों पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
क्विज प्रतियोगिता में अनंता मेडिकल कॉलेज के डॉ. फराज एवं डॉ. उत्कर्ष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज के डॉ. श्लोक एवं डॉ. आदित्य उपविजेता रहे।
इस अवसर पर डॉ. धीरज गोया के संयोजन में चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की शपथ दिलाई गई। सभी ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने, मानसिक बीमारी से जुड़े सामाजिक कलंक को दूर करने तथा जरूरतमंद लोगों को उचित सहायता और उपचार के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता माह के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न शैक्षणिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

