पीएमसीएच के डॉ. सीपी पुरोहित ने जवानों को दिए स्वस्थ हृदय के मंत्र
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 129वीं वाहिनी (शौर्य चक्र बटालियन) कैंपस में जवानों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष चिकित्सा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, भीलों का बेदला के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सी.पी. पुरोहित मुख्य वक्ता रहे।
डॉ. पुरोहित ने जवानों को हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और बीमारी के शुरुआती लक्षणों की समय पर पहचान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर तैनात जवानों को शारीरिक श्रम, मानसिक तनाव और मौसम की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में हृदय स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान जरूरी है।
उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन को स्वस्थ हृदय के लिए महत्वपूर्ण बताया। छाती में भारीपन, सांस फूलना, जबड़े या बाएं हाथ में दर्द, अत्यधिक थकान और अचानक पसीना आने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।
डॉ. पुरोहित ने ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में बटालियन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस पहल के लिए डॉ. पुरोहित और पेसिफिक मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का आभार जताया।

