निःशुल्क एवं रियायती दरों पर मिलेगी ऋण एवं बैंकिंग सहित विभिन्न सुविधाएं
जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान सरकार ने राज्य के सरकारी कार्मिकों, 70 वर्ष तक की आयु के पात्र पेंशनर्स, राज्य स्वायत्तशासी निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों के लिए कम्पोजिट सैलरी अकाउंट पैकेज (CSAP) लागू किया है। इस योजना का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को एक ही पैकेज के तहत आसान बैंकिंग सेवाओं, रियायती ऋण, बीमा सुरक्षा और डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है। | Rajasthan Composite Salary Account Package
कम्पोजिट सैलरी अकाउंट पैकेज के लिए 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को सूचीबद्ध किया गया है। पात्र कर्मचारी और पेंशनर्स अपनी सुविधा के अनुसार इनमें से किसी एक बैंक का चयन कर सकते हैं। वे अपने मौजूदा बैंक खाते को CSAP खाते में परिवर्तित करा सकते हैं या नया खाता खोलकर पैकेज की सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। | Rajasthan Composite Salary Account Package
वित्त विभाग के संयुक्त शासन सचिव हरिश लड्ढा ने बताया कि इस कार्य के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, कैनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र एवं पंजाब एंड सिंध बैंक को सूचीबद्ध किया गया है। |
राज्य सरकार के अनुसार, यह पहल सरकारी कार्मिकों और पात्र पेंशनर्स के वित्तीय कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जीरो बैलेंस खाते और रियायती ऋण की सुविधा
वित्त विभाग के संयुक्त शासन सचिव हरिश लड्ढा के अनुसार, CSAP के तहत उन्नत सुविधाओं वाला जीरो बैलेंस सैलरी अकाउंट उपलब्ध कराया जाएगा। खाते से NEFT, RTGS, IMPS और UPI के जरिए धन हस्तांतरण की सुविधा निःशुल्क रहेगी।
इसके अलावा आवास, शिक्षा, वाहन और व्यक्तिगत जरूरतों के लिए रियायती ब्याज दर पर ऋण की सुविधा मिलेगी। ऋण प्रसंस्करण शुल्क में छूट और लॉकर किराए में रियायत का प्रावधान भी किया गया है। लाभार्थियों को पारिवारिक बैंकिंग सहित अन्य बैंकिंग सेवाएं भी पैकेज के तहत मिलेंगी।
3.50 करोड़ रुपये तक दुर्घटना बीमा
CSAP में लाभार्थियों के लिए व्यापक बीमा सुरक्षा का भी प्रावधान किया गया है। इसके तहत:
- 3.50 करोड़ रुपये तक व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा
- 4 करोड़ रुपये तक एयर दुर्घटना बीमा
- 20 लाख रुपये तक टर्म लाइफ इंश्योरेंस
- स्वयं और परिवार के लिए हेल्थ इंश्योरेंस
- अतिरिक्त टॉप-अप स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
डेबिट-क्रेडिट कार्ड के साथ डिजिटल सुविधाएं
पैकेज के तहत लाभार्थियों को उन्नत सुविधाओं वाले डेबिट और क्रेडिट कार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, रिवॉर्ड प्रोग्राम और कैशबैक जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके साथ कार्ड से जुड़ी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
कौन ले सकता है लाभ?
राज्य सरकार के पात्र सरकारी कार्मिक, 70 वर्ष तक के पात्र पेंशनर्स, राज्य स्वायत्तशासी निकायों तथा सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारी CSAP का लाभ ले सकते हैं। पात्र लाभार्थी सूचीबद्ध 12 बैंकों में से अपनी पसंद का बैंक चुनकर मौजूदा खाते को CSAP खाते में बदलवा सकते हैं या नया खाता खुलवा सकते हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

