तेज स्पीड कार डिवाइडर से टकराकर उछलकर सड़क के दूसरी ओर ट्रेलर से टकरायी
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के देबारी-अंबेरी हाईवे पर शनिवार दोपहर हुए भीषण हादसे में कार सवार दो मेडिकल स्टूडेंट्स की मौत हो गयी, जबकि दो स्टूडेंट्स और ट्रेलर चालक गंभीर घायल हैं। मेडिकल स्टूडेंट्स उमरड़ा स्थित पेसिफिक मेडिकल कॉलेज (PIMS) के बताए जा रहे हैं। | Udaipur Car Accident Medical Students Died | udaipur accident news
पुलिस ने बताया कि हादसे में कार सवार उदय बंसल पुत्र दिलीप बंसल निवासी ग्वालियर एमपी, रुचिका परिहार पुत्री रघुनाथ परिहार निवासी बिलासपुर छत्तीसगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि हरियाणा निवासी शशांक सिंह पुत्र लक्ष्मीनारायण और वंशिका गंभीर घायल हैं। मृतक उदयपुर में उमरड़ा स्थित पेसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पिम्स) के एमबीबीएस फाइनल ईयर के स्टूडेंट थे। ट्रेलर चालक भी गंभीर घायल हुआ है।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गयी, सूचना पर थानाधिकारी अजय सिंह राव मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देरी किए निजी वाहन से घायलों को तत्काल नजदीकी हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां तीनों का उपचार जारी है, वहीं दो मेडिकल स्टूडेंट्स की मौके पर ही मौत हो गयी। घायल छात्रा की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
तेज रफ्तार ने ले ली जान
पुलिस के अनुसार मेडिकल स्टूडेंट्स उनकी होंडा सिटी कार से देबारी से अंबेरी की तरफ जा रहे थे, हाई स्पीड के चलते मेडिकल स्टूडेंट्स का कार पर नियंत्रण नहीं रहा और कार डिवाइडर से उछलते हुए सड़क के दूसरी ओर अंबेरी से देबारी के तरफ जा रहे ट्रेलर से जा टकरायी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और ट्रेलर भी सड़क किनारे ढलान पर उतर गया।
कार सवार दो स्टूडेंट्स उदय बंसल और रूचिका परिहार की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो स्टूडेंट्स और ट्रेलर चालक घायल हो गए।

यातायात सुचारू करवाया
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बिना देरी किए निजी वाहनों से हॉस्पिटल पहुंचाया। शवों को मोरचरी रखवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड कर यातायात सुचारू किया।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

