पालिका उपाध्यक्ष चुनाव 2026
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर और जिले की पांच नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो गई। मावली नगर पालिका में लगातार दूसरे दिन गोटी से चुनाव का फैसला हुआ। एक दिन पहले गोटी निकलने पर भाजपा के राकेश मीणा नगर पालिका अध्यक्ष बने थे, जबकि मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के लिए बराबर वोट आने के बाद गोटी कांग्रेस के मोहम्मद असरार के पक्ष में निकली। udaipur Municipal Election 2026
मावली नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के मोहम्मद असरार और भाजपा के नितेश के बीच मुकाबला हुआ। मतदान में दोनों प्रत्याशियों को 10-10 वोट मिले वोट बराबर होने के बाद निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में गोटी निकाली गई।
इसमें कांग्रेस के मोहम्मद असरार के नाम की गोटी निकलने पर उन्हें मावली नगर पालिका का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। | udaipur Municipal Election 2026

मावली में लगातार दूसरे दिन गोटी से हुआ फैसला
मावली नगर पालिका के चुनाव में गोटी की भूमिका सबसे अधिक चर्चा में रही। एक दिन पहले नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भी भाजपा के राकेश मीणा और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच बराबरी की स्थिति बनी थी।
गोटी के जरिए हुए निर्णय में भाजपा के राकेश मीणा अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। इस तरह मावली में एक दिन गोटी से भाजपा को अध्यक्ष पद मिला और अगले दिन गोटी से कांग्रेस के खाते में उपाध्यक्ष पद चला गया। ऐसे समीकरणों में मावली नगर पालिका बोर्ड में रौचक स्थिति बनी रहेगी।
फतहनगर-सनवाड़ में कांग्रेस की श्रेया गर्ग उपाध्यक्ष निर्वाचित
फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की श्रेया गर्ग ने भाजपा के मुकेश खटीक को शिकस्त दी।
मतदान के दौरान श्रेया गर्ग को 13 और मुकेश खटीक को 11 वोट मिले, जबकि एक वोट निरस्त हुआ। एक दिन पहले यहां निर्दलीय प्रत्याशी ममता चपलोत नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं।
कानोड़ में कांग्रेस के दिलीप सिंह को 14 वोट
कानोड़ नगर पालिका में अध्यक्ष पद के बाद उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस प्रत्याशी का कब्जा रहा। उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस के दिलीप सिंह को 14 वोट मिले, जबकि भाजपा के चेतन प्रकाश मेनारिया को 6 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी दिलीप सिंह को कानोड़ नगर पालिका का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
भींडर में शोएब बोहरा बने उपाध्यक्ष
भींडर नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के शोएब बोहरा निर्वाचित हुए। कुल 25 वोटों में से शोएब बोहरा को 14 और भाजपा के चमनलाल को 11 वोट मिले।
वल्लभनगर में कमलेश निर्वाचित
वल्लभनगर नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के कमलेश ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 20 में से 16 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की सीमा अग्रवाल को 4 वोट प्राप्त हुए।
नगर निगम उदयपुर में भट्ट डिप्टी मेयर चुने गए
उदयपुर नगर निगम में भाजपा के दिनेश भट्ट डिप्टी मेयर चुने गए। उन्होंने कांग्रेस के लक्ष्मीनारायण मेघवाल को हराया। कुल 80 वोट में से भट्ट को 56 जबकि लक्ष्मीनारायण को 24 वोट मिले।
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण हुई उन क्षेत्रों में आचार संहिता समाप्त
निकाय चुनावों की निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के 309 में से 304 नगरीय निकाय क्षेत्रों से आदर्श आचार संहिता समाप्ति की घोषणा कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं आयोग सचिव राजेश वर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार नगर निगम जयपुर, जोधपुर, कोटा, नगरपालिका सुकेत एवं खाटुश्यामजी को छोड़ कर शेष सभी निकायों में आदर्श आचार संहिता समाप्त कर दी गई है।
यह भी पढ़े: उदयपुर में सामर की बिगड़ गई चुनावी गणित, भट्ट को कुछ तो मिला
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

